|

बीकानेर:-कचरा टिपर हादसे में आचार्य की मौत के बाद परिवार ने टेंडर प्रक्रिया पर उठाए सवाल,जांच और सुरक्षा ऑडिट की मांग

thebikanernews.com:-बीकानेर। नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से घायल केशव दत्त आचार्य की मौत के मामले में उनके परिवार ने कचरा संग्रहण व्यवस्था, ठेका प्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. शरद दत्त आचार्य एवं परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने और शहर में संचालित कचरा संग्रहण वाहनों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की।


परिवार की ओर से जारी वक्तव्य के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को केशव दत्त आचार्य स्कूटर से जा रहे थे, तभी नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोटें आईं तथा उपचार के दौरान 9 नवंबर को उनकी मृत्यु हो गई।
परिवार का कहना है कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई और जांच के तहत 23 नवंबर को चालक की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई। हालांकि, परिवार ने स्पष्ट किया कि केवल चालक की गिरफ्तारी से पूरे मामले की जिम्मेदारी तय नहीं होती और वाहन संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जांच जरूरी है।


वाहन संचालन और निगरानी पर सवाल
परिवार ने सवाल उठाया कि चालक के लाइसेंस, नियुक्ति, पुलिस सत्यापन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी किसकी थी? वाहन की फिटनेस, बीमा, जीपीएस व्यवस्था और नियमित निरीक्षण कौन कर रहा था? इन सभी बिंदुओं पर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की गई है।
टेंडर और अनुबंध का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग
कचरा संग्रहण व्यवस्था के टेंडर, अनुबंध की शर्तों, राशि, संबंधित कंपनियों और एजेंसियों की वैध स्वीकृति को लेकर भी परिवार ने पारदर्शिता की मांग की है। परिवार के अनुसार, वर्तमान में कचरा संग्रहण कार्य किस अनुबंध या स्वीकृति के आधार पर संचालित हो रहा है और भुगतान की व्यवस्था क्या है, इसका पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक होना चाहिए।


एसीबी में शिकायत, जांच की मांग
परिवार ने बताया कि संभावित अनियमितताओं की जांच के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के महानिदेशक से फोन पर संपर्क किया गया है। साथ ही बीकानेर एसीबी में शिकायत प्रस्तुत कर दस्तावेजों के आधार पर जांच की मांग की गई है।
परिवार ने नगर निगम आयुक्त से सत्यापित रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने तथा लापरवाही की जिम्मेदारी तय करने का आग्रह किया है। इसके अलावा जिला प्रशासन, सांसद, विधायकों, महापौर, उपमहापौर और पार्षदों से भी इस मामले को नागरिक सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता के मुद्दे के रूप में उठाने की अपील की गई है।
पूरे शहर के कचरा वाहनों का सुरक्षा ऑडिट हो
परिवार की प्रमुख मांग है कि दुर्घटना की निष्पक्ष जांच सक्षम एजेंसी से करवाई जाए, वाहन चालक और ठेका एजेंसी की जिम्मेदारी तय हो तथा संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शहरभर में कचरा संग्रहण वाहनों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और जिम्मेदारी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई हो।
परिवार ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जवाबदेही, पारदर्शिता और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए है। उन्होंने अपनी मांगों को लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से जारी रखने की बात कही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button