|

पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा को मिला संघ का विशेष चांदी का स्मारक सिक्का, बॉक्स खोलते ही गूंजती है प्रार्थना

बीकानेर। देशप्रेम, राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सामाजिक समरसता, संगठन और एकता के भाव के साथ वर्षों से राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अपने गौरवशाली सफर के 101 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2025 में संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भारत माता के विशेष चित्र से अलंकृत 100 रुपये का 40 ग्राम वजनी चांदी का स्मारक सिक्का जारी किया था। अब इसी शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तैयार की गई कुछ अति विशिष्ट प्रतियां अपने विशेष स्वरूप और अनूठी पैकेजिंग के कारण आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

इन विशिष्ट सिक्कों में बीकानेर के पूर्व महापौर एवं भाजपा नेता नारायण जी चोपड़ा को प्राप्त हुआ विशेष सेट भी शामिल है। बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने वाले नारायण जी चोपड़ा बीकानेर के पहले व्यक्ति बने हैं, जिन्हें यह विशिष्ट सिक्का सेट प्राप्त हुआ है।इस विशेष सेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी आकर्षक और अनूठी प्रस्तुति है। सिक्के को एक खूबसूरत सागवान की लकड़ी से बने विशेष बॉक्स में सुरक्षित रखा गया है। बॉक्स के भीतर भगवा यानी नारंगी रंग की एक्रिलिक प्लेट लगाई गई है, जिसके एक ओर भारत माता का चित्र उकेरा गया है, जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी किया गया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष का विशेष चांदी का सिक्का सुशोभित है।इस सेट को और भी खास बनाती है इसकी एक अनूठी विशेषता। जैसे ही लकड़ी के इस बॉक्स को खोला जाता है, इसके भीतर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पवित्र प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ की मधुर धुन सुनाई देने लगती है। भारत माता का चित्र, भगवा रंग की प्लेट, चांदी का स्मारक सिक्का और संघ की प्रार्थना का संगीत एक साथ मिलकर इसे एक यादगार और भावनात्मक अनुभव बना देते हैं।जानकारी के अनुसार, यह विशिष्ट सेट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से नारायण जी चोपड़ा को भेजा गया है। देश के कई शहरों में संघ के वर्षों से सक्रिय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों तक यह विशेष सेट पहुंच चुका है, लेकिन बीकानेर में इसे प्राप्त करने वाले नारायण जी चोपड़ा प्रथम व्यक्ति हैं।नारायण चोपड़ा ने बताया कि यह उनके लिए अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव था। उन्होंने कहा कि कोलकाता टकसाल के विशेष जूट के थैले में सुरक्षित इस खूबसूरत वुडन बॉक्स को खोलते ही भगवा रंग की एक्रिलिक प्लेट पर भारत माता का चित्र और शताब्दी वर्ष का चांदी का सिक्का दिखाई देना तथा उसी समय संघ की प्रार्थना की धुन सुनाई देना वाकई में एक अनूठा अनुभव था। यह केवल एक सिक्का नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना, संगठन के प्रति समर्पण और संघ के गौरवशाली इतिहास की स्मृति को संजोने वाला विशेष संग्रहणीय सेट है।नारायण जी चोपड़ा ने इस विशिष्ट उपहार के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारत सरकार, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा इस खूबसूरत स्मारक सिक्के का निर्माण करने वाली कोलकाता टकसाल के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस अति विशिष्ट सेट को प्राप्त कर प्रसन्नता जाहिर की।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101वें वर्ष में यह विशेष स्मारक सिक्का और इसकी अनूठी प्रस्तुति संघ की शताब्दी यात्रा की एक यादगार निशानी के रूप में देखी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button