हाइवे पर अंधेरे का साया: उदासर फाटा से हल्दीराम प्याऊ तक बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, हादसों का मंडरा रहा डर

THE BIKANER NEWS:बीकानेर।शहर में उदासर फाटा से लेकर हल्दीराम प्याऊ के बीच नेशनल हाईवे पर डिवाइडर के बीच लगी सभी स्ट्रीट लाइटें पिछले कई दिनों से बंद पड़ी हैं। रात के समय इस व्यस्त मार्ग पर घुप अंधेरा छा जाता है, जिसके चलते हर समय किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
अंधेरे के कारण वाहन चालकों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस हाईवे पर अंधेरे की वजह से पहले भी कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं, फिर भी प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इसके साथ ही, खाटू श्याम जी मंदिर के आसपास लगे बिजली के खंभों पर भी लाइटें काफी समय से बंद पड़ी हैं, जिससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर नव जागृति युवा मंच ने गहरी चिंता जताई है। मंच के जिला संयोजक गोवर्धन मौसूण ने बताया कि संबंधित नगर निगम विभाग को इस समस्या से अवगत करवा दिया गया है। उन्होंने मांग की है कि नगर निगम जल्द से जल्द इन खराब लाइटों को दुरुस्त कर चालू करवाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो मजबूरन नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।





































