राजस्थान की राजनीति में बेहद ही अनोखा और चौंकाने वाला मामला,”सिंबल चोरी” के आरोप में मामला दर्ज

बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बीच कांग्रेस के अधिकृत चुनाव चिन्ह से जुड़े कथित फर्जीवाड़े को लेकर सदर थाना पुलिस ने कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और वार्ड प्रत्याशी नवरत्न डागा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला वार्ड संख्या 50 से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मोहित अरोड़ा के पिता दीपक अरोड़ा की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका उपयोग करने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह को सौंपी है।
पुलिस के अनुसार रामपुरा बस्ती निवासी दीपक अरोड़ा ने रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र मोहित अरोड़ा वार्ड संख्या 50 से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी थे। पार्टी के निर्देश पर उन्होंने नामांकन दाखिल करने के बाद चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया था।रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि 30 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय द्वारा बीकानेर नगर निगम के सभी अधिकृत प्रत्याशियों की सूची और चुनाव चिन्ह तैयार कर प्रभारी बलकरण सिंह के माध्यम से जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और बिशनाराम सियाग को सौंपे गए थे। इस सूची में वार्ड 50 से मोहित अरोड़ा का नाम और उनके लिए जारी चुनाव चिन्ह भी शामिल था।
दीपक अरोड़ा का आरोप है कि 31 अगस्त को पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने उक्त सूची और चुनाव चिन्ह देखकर उन्हें इसकी जानकारी दी थी। इसके बावजूद मदन गोपाल मेघवाल और बिशनाराम सियाग ने कथित रूप से मोहित अरोड़ा के नाम पर जारी चुनाव चिन्ह को हटाकर नवरत्न डागा के नाम से फर्जी चुनाव चिन्ह तैयार कराया और उसे असली बताकर प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया।शिकायत के मुताबिक, कथित फर्जी चुनाव चिन्ह को नवरत्न डागा के नामांकन पत्र के साथ संलग्न कर प्रशासन को गुमराह किया गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम से उनके पुत्र मोहित अरोड़ा की उम्मीदवारी प्रभावित हुई और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा।दीपक अरोड़ा ने मामले में कथित फर्जीवाड़े में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





































