एमबीएम एल्युमनाई मीट: राष्ट्र निर्माण में इंजीनियर्स की भूमिका अहम-जसवंत खत्री

बीकानेर। एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज, जोधपुर के पूर्व विद्यार्थियों का भव्य एल्युमनाई मिलन समारोह (गेट-टुगेदर) 2 अक्टूबर को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्या मंडपम ऑडिटोरियम में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के वरिष्ठ एवं युवा पूर्व छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कॉलेज के सुनहरे दिनों की यादें ताजा कीं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर दिल्ली से पधारे बी.एल. मोहता उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (BTU) के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने की। वहीं नोएडा से विशेष रूप से पधारे एमबीएम एल्युमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल कोचर ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत किया। आयोजन की अगुवाई पीडब्ल्यूडी एक्सईएन सुभाष स्वामी एवं शुभम व्यास ने संयुक्त रूप से की।मुख्य अतिथि जसवंत खत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण एवं समाज उत्थान में इंजीनियर्स की अग्रणी भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि एक तकनीकी विशेषज्ञ समाज को नई दिशा देने में सक्षम होता है। कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग एवं बी.एल. मोहता ने भी इंजीनियरिंग के वर्तमान परिदृश्य, नवाचारों और पूर्व छात्रों के आपसी समन्वय के महत्व पर अपने विचार रखे। एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल कोचर ने बीकानेर में एमबीएम एल्युमनाई का स्थानीय चैप्टर (Local Chapter) स्थापित करने पर विशेष बल दिया, ताकि क्षेत्र में सक्रिय सभी पूर्व इंजीनियर्स एक मंच पर संगठित होकर रचनात्मक कार्य कर सकें।समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन सत्र में सांस्कृतिक एवं संगीत संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया





































