बीकानेर:-जिला परिषद जीत के बाद कांग्रेस में खींचतान, बाड़ेबंदी को लेकर हंगामा और हाथापाई


THE BIKANER NEWS:^बीकानेर। जिला परिषद चुनाव में शानदार जीत के बाद कांग्रेस के भीतर प्रमुख पद को लेकर सियासी खींचतान सामने आने लगी है। जिला परिषद प्रमुख के चुनाव से पहले बाड़ेबंदी को लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच धक्का-मुक्की, हाथापाई और कपड़े फाड़ने तक की नौबत आ गई। घटनाक्रम के बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।


जिला परिषद प्रमुख के चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल अपने नवनिर्वाचित सदस्यों की बाड़ेबंदी की तैयारी में जुटे हैं। इसी बीच पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में वार्ड नंबर 9 की नवनिर्वाचित डायरेक्टर मैना देवी को लेकर कांग्रेस के एक गुट के रवाना होने के दौरान विवाद खड़ा हो गया।
बताया जा रहा है कि मैना देवी दोपहर करीब 12 बजे चुनाव जीत गई थीं, लेकिन प्रमाण पत्र लेने के चलते उन्हें कॉलेज परिसर में रुकना पड़ा। शाम करीब 7 बजे जब कांग्रेस का एक पक्ष उन्हें अपने साथ ले जाने लगा, तो वहां मौजूद रिश्तेदारों और समर्थकों ने रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई।
मौके पर विवाद बढ़ने के साथ दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान कपड़े फटने और पुलिस कार्रवाई की चेतावनी देने जैसी स्थिति भी सामने आई। घटना ने जिला परिषद चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को उजागर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर नोखा विधायक सुशीला डूडी भी मौजूद थीं। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। हालांकि, विधायक ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गईं।
जिला परिषद प्रमुख के चुनाव से पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के भीतर सियासी समीकरणों और गुटबाजी को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।





































