पार्सल के नाम पर साइबर ठगी, युवक के खाते से उड़ाए 1.42 लाख रुपए


बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पार्सल डिलीवरी का झांसा देकर एक युवक के बैंक खाते से 1 लाख 42 हजार 802 रुपए पार कर दिए। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, मोमासर निवासी रामचंद्र पुत्र भंवरलाल जाट (28) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 16 नवंबर 2026 को उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे बताया कि उसका 999 रुपए का पार्सल आया हुआ है। इसके बाद ठगों ने पार्सल से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उससे ओटीपी मांगा।
पीड़ित का कहना है कि उसने किसी को भी ओटीपी साझा नहीं किया, इसके बावजूद उसके बैंक खाते से 1 लाख 42 हजार 802 रुपए निकाल लिए गए। खाते से रकम गायब होने का पता चलने पर उसने पुलिस से शिकायत की। फिलहाल श्रीडूंगरगढ़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





































