|

करोड़ों की साइबर ठगी का भंडाफोड़: फर्जी कंपनियों के नाम पर खाते खोलकर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। पुलिस ने करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया निवासी दाऊद खान (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी कंपनियों के नाम से कॉर्पोरेट (करंट) बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने का आरोप है।


ऐसे लोगों को बनाते थे शिकार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को जोड़ता था। इसके बाद उन्हें फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाकर शेयर बाजार और ‘राजपूताना स्टेनलेस लिमिटेड’ जैसे कथित आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच दिया जाता था। निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठग लिए जाते थे।
फर्जी फर्मों के नाम पर खुलते थे खाते
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर अलग-अलग बैंकों में फर्जी कंपनियों के नाम से करंट खाते खुलवाता था। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर करने के साथ-साथ देश-विदेश के अन्य साइबर अपराधियों को कमीशन पर उपलब्ध कराने के लिए भी किया जाता था।


36 शिकायतें, करोड़ों का लेनदेन
पुलिस के अनुसार, एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर आरोपी के बैंक खातों से जुड़े 36 साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी के खाते में ₹23.90 लाख की ठगी की राशि प्राप्त हुई थी। वहीं, बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन के भी साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।


पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस कार्रवाई को एसएचओ शालिनी बजाज और इंस्पेक्टर विजेंद्र शिला के निर्देशन में अंजाम दिया गया। टीम में एएसआई ओमप्रकाश, कॉन्स्टेबल सुभाष और कॉन्स्टेबल महेंद्र की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button