बड़ी खबर:- प्रदेश सह प्रभारी के सामने आपस में उलझे कोंग्रेस के पूर्व मंत्री और शहर अध्यक्ष,एक दूसरे पर कसा तंज

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के नरेंद्र भवन के बाहर कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी खींचतान उस वक्त खुलकर सड़क पर आ गई, जब पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल आपस में उलझ गए। यह तीखी नोकझोंक कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी चिरंजीव राव की मौजूदगी में उनके ठीक सामने हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल ने सह प्रभारी चिरंजीव राव के सामने शहर अध्यक्ष मदन मेघवाल की कार्यशैली की शिकायत की। गोविंद मेघवाल ने उलाहना देते हुए आरोप लगाया कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा उन्हें पार्टी के किसी भी कार्यक्रम या प्रदर्शन में ना तो बुलाया जाता है और ना ही कोई पूर्व जानकारी दी जाती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोविंद मेघवाल की इस शिकायत पर मदन मेघवाल ने भी तीखा पलटवार किया। मामूली बातचीत से शुरू हुआ विवाद तंज कसने तक पहुंच गया। मदन मेघवाल ने सह प्रभारी राव के सामने ही गोविंद मेघवाल को जवाब देते हुए कहा, “आप मुझे अध्यक्ष मानते ही कहां हो?
सह प्रभारी ने करवाया मामला शांत
नरेंद्र भवन के बाहर दोनों दिग्गज नेताओं के बीच गर्मा-गर्मी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर बढ़ता देख प्रदेश सह प्रभारी चिरंजीव राव ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने बीच-बचाव कर मामले को शांत करवाया। यह पूरा घटनाक्रम उस वक्त हुआ जब नेता नरेंद्र भवन से एयरपोर्ट की तरफ जाने की तैयारी कर रहे थे।
गौरतलब है कि गोविंद मेघवाल और मदन मेघवाल, दोनों ही बीकानेर के कद्दावर नेता हैं और दोनों ही बीकानेर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रह चुके हैं। प्रदेश सह प्रभारी के सामने हुई इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय कांग्रेस संगठन की गुटबाजी को उजागर कर दिया है।





































