|

धरणीधर मैदान बना भूगोल की प्रयोगशाला, बेसिक पी.जी. कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया फील्ड सर्वेक्षण

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:- बेसिक पी.जी. कॉलेज में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक परिस्थितियों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में भूगोल विभाग द्वारा एक विशेष शैक्षणिक फील्ड वर्क का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत भूगोल विषय के विद्यार्थियों को स्थानीय धरणीधर मैदान ले जाया गया, जहाँ भूगोल विषय के सहायक आचार्य श्री हिमांशु बिदावत के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने भूगोल की विभिन्न तकनीकी एवं प्रायोगिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
फील्ड वर्क के दौरान विद्यार्थियों को कार्टाेग्राफी (मानचित्रण), मैप प्रोजेक्शन (मानचित्र प्रक्षेपण), टोपोग्राफिकल शीट के अध्ययन एवं विश्लेषण, विभिन्न सर्वेक्षण उपकरणों के उपयोग तथा भौगोलिक आंकड़ों के संकलन एवं विश्लेषण की व्यावहारिक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने सर्वेक्षण की प्रक्रियाओं को समझते हुए स्थल के भौगोलिक स्वरूप, स्थानिक विशेषताओं एवं आंकड़ों के महत्व का अध्ययन किया। इस गतिविधि ने उन्हें कक्षा में पढ़ी गई अवधारणाओं को वास्तविक धरातल पर समझने और लागू करने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर विषय व्याख्याता श्री हिमांशु बिदावत ने बताया कि भूगोल केवल मानचित्रों और पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह धरातल पर उपस्थित प्राकृतिक एवं मानवीय परिवेश को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का माध्यम है। फील्ड वर्क भूगोल की आत्मा है, क्योंकि इसके माध्यम से विद्यार्थी स्वयं अवलोकन करते हैं, आंकड़े एकत्रित करते हैं और उनका विश्लेषण करना सीखते हैं। इस प्रकार का अनुभव विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, तार्किक चिंतन, सटीकता एवं आत्मविश्वास विकसित करता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने इस शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक एवं तकनीकी युग में शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम का सैद्धांतिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना भी है। इस प्रकार के फील्ड वर्क विद्यार्थियों की अवलोकन क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच एवं समस्या समाधान की योग्यता को विकसित करते हैं। महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुभव आधारित एवं कौशलपरक शिक्षा को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।
वहीं, प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री रामजी व्यास ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि शिक्षा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब अर्जित ज्ञान का उपयोग वास्तविक जीवन में किया जा सके। आज के समय में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीकों, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं शोधपरक गतिविधियों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। बेसिक पी.जी. कॉलेज का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्रदान कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाया जाए। भूगोल विषय का यह फील्ड वर्क इसी दिशा में एक सराहनीय कदम है।
इस शैक्षणिक गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल भूगोल विषय की तकनीकी बारीकियों को समझा, बल्कि प्रकृति एवं परिवेश को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखने, तथ्यों का अवलोकन करने और व्यावहारिक निष्कर्ष निकालने की क्षमता भी विकसित की।
महाविद्यालय का यह प्रयास इस विचार को सशक्त करता है कि शिक्षा केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि वास्तविक अनुभवों के माध्यम से ज्ञान को जीवनोपयोगी कौशल में परिवर्तित करना ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button