बड़ी खबर:- बीकानेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, पूरा परिसर कराया गया खाली


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, आज सुबह एक ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई कि दोपहर 12:15 बजे कलेक्ट्रेट को बम से उड़ा दिया जाएगा।

पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर:
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) सहित पूरा पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियात के तौर पर पूरे कलेक्ट्रेट कार्यालय को तुरंत खाली करवा लिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय जिला कलेक्टर भी कार्यालय में ही मौजूद थे।
सघन तलाशी अभियान जारी:
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कार्यालय के कोने-कोने की सघन तलाशी ली जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी पहुंच चुकी हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां:
गौरतलब है कि बीकानेर में किसी सरकारी भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बीकानेर के हेड पोस्ट ऑफिस और जिला न्यायालय (कोर्ट) को भी इसी प्रकार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।



































