|

बीकानेर:-दिन दहाड़े बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों से पीटा,पीबीएम रेफर

THE BIKANER NEWS;- बीकानेर:- बुधवार शाम हुई एक हिंसक घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। ई-मित्र केंद्र के बाहर खड़े एक बुजुर्ग पर कुछ लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया है।

मामला बज्जू कस्बे का है,पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित के पुत्र राकेश गोदारा ने बताया कि उनके पिता गोपालराम गोदारा बुधवार शाम करीब 5 बजे को-ऑपरेटिव बैंक के पास स्थित ई-मित्र केंद्र के बाहर खड़े थे। इसी दौरान बज्जू खालसा निवासी सोमराज, सुनील, अनिल (पुत्र पाबूराम) और किशनाराम (पुत्र भागीरथराम) बोलेरो कैंपर में वहां पहुंचे।

आरोप है कि आरोपियों ने आते ही गोपालराम गोदारा पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही गिर पड़े।

चाकू से वार और वाहन चढ़ाने के प्रयास का आरोप

शिकायत के अनुसार, शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिससे बुजुर्ग की जान बच सकी। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने चाकू से भी हमला करने का प्रयास किया। साथ ही, मौके पर मौजूद लोगों पर बोलेरो कैंपर चढ़ाने की भी कोशिश की, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

धमकी और गाड़ी की चाबी ले जाने का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देकर गए और पीड़ित की गाड़ी की चाबी भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

बज्जू पुलिस ने राकेश गोदारा की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button