पानी की किल्लत से परेशान बीकानेर वासियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर,इस दिन से रोजाना मिलेगा पानी!

THE BIKANER NEWS:^बीकानेर: पिछले महीने की 17 तारीख से पानी की किल्लत और ‘एक दिन छोड़कर एक दिन’ जलापूर्ति का सामना कर रहे बीकानेर शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। इंदिरा गांधी नहर में चल रही मरम्मत के कारण लागू नहरबंदी अपने पूर्व निर्धारित समय यानी 10 मई को ही समाप्त हो जाएगी। जलदाय विभाग ने स्पष्ट किया है कि 14 मई से शहर में पहले की तरह नियमित (हर रोज) पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

नहरबंदी बढ़ने की आशंकाओं पर लगा विराम
बीते कुछ दिनों से यह चिंता जताई जा रही थी कि पंजाब में चल रहा काम समय पर पूरा न होने के कारण नहरबंदी की अवधि को आगे बढ़ाया जा सकता है। लेकिन, जलदाय विभाग ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है।
जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) राजेश पुनिया ने के अनुसार इंदिरा गांधी नहर के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी व्यवस्था तय कर ली गई है। 10 मई 2026 को नहरबंदी खत्म होने के बाद, पानी को बीकानेर के जलाशयों तक पहुंचने में लगभग 3 दिन का समय लगेगा। इसके बाद 14 या 15 मई तक जिले के सभी क्षेत्रों में नहरी पानी की पहुंच सुनिश्चित हो जाएगी।
भंडारण है पर्याप्त, नहीं होगा जल संकट
विभाग ने आमजन को आश्वस्त किया है कि 11 मई से किसी भी तरह के पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। वर्तमान में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल का भंडारण मौजूद है, जिसके दम पर वर्तमान समयांतराल के अनुसार पेयजल सप्लाई सुचारू रूप से जारी रहेगी।
शुरुआती दिनों में आ सकता है मटमैला पानी
हालांकि नहरबंदी 10 को खुल जाएगी और 14 से नियमित सप्लाई शुरू होगी, लेकिन जानकारों का मानना है कि शुरुआती दिनों में पानी की गुणवत्ता को लेकर थोड़ी परेशानी हो सकती है। विभाग ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि 14 मई से मिलने वाला पानी एकदम साफ होगा या नहीं। अमूमन नहरबंदी के बाद जब पानी छोड़ा जाता है, तो शुरुआती एक-दो दिन पानी के साथ मिट्टी का बहाव आने की आशंका रहती है।





































