बीकानेर:-पीबीएम में मरीज की मौत परिजनों ने लगाए लापरवाही और अभद्र भाषा मे बात करने के आरोप,नर्सिंग ऑफिसर को वार्ड से हटाया

thebikanernews.com:-:बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की नई मेडिसिन विंग में भर्ती एक मरीज की मौत के बाद इलाज में लापरवाही बरतने और अभद्र भाषा मे बात करने का मामला सामने आया है,। मामले में अस्पताल प्रशासन ने संबंधित नर्सिंग ऑफिसर को वार्ड से हटा दिया है और घटना की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीबीएम अस्पताल में गार्ड की सेवाएं दे झवरो के चौक निवासी सुरेश कुमार पुरोहित की तबीयत खराब होने पर उन्हें मेडिसिन विंग में डॉ. संजय कोचर की यूनिट में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, हालत अधिक बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट करने के लिए कहा गया, लेकिन वहां बेड खाली नहीं था।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह अचानक पुरोहित की तबीयत ज्यादा खराब हो गई, लेकिन उस दौरान वार्ड में रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद नहीं थे और नर्सिंग स्टाफ सो रहा था। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों को खुद मरीज को सीपीआर (CPR) देना पड़ा। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार कहने के बावजूद नर्सिंग ऑफिसर ने ध्यान नहीं दिया और ठीक से बात भी नहीं की।
परिजनों के अनुसार, आईसीयू में समय पर शिफ्ट न हो पाने और स्टाफ की कथित गैर-जिम्मेदारी के चलते मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में तनाव की स्थिति बनी और प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नर्सिंग ऑफिसर को हटाने व जांच कमेटी बनाने का कदम उठाया।





































