|

बीकानेर:-प्रसव के बाद 26 वर्षीय विवाहिता की मौत,घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश,अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप

THE BIKANER NEWS:बीकानेर। जिले के महाजन कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के बाद एक 26 वर्षीय विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


जानकारी के अनुसार, महाजन के वार्ड संख्या 2 निवासी गजानंद ओझा की बेटी कोमल ओझा (26) अपने पीहर आई हुई थी। शनिवार दोपहर उसने महाजन CHC में एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के करीब एक घंटे बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ है।
परिजनों ने लगाया डॉक्टरों की गैरमौजूदगी का आरोप
मृतका के पिता गजानंद ओझा और अन्य परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। एक महिला नर्स ने ही डिलीवरी करवाई। प्रसव के बाद जब कोमल की तबीयत बिगड़ी तो उसे समय पर आवश्यक चिकित्सकीय उपचार नहीं मिल पाया। परिजनों का कहना है कि यदि मौके पर डॉक्टर और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होतीं तो कोमल की जान बचाई जा सकती थी।


छह महीने पहले भी हुआ था प्रदर्शन
परिजनों ने बताया कि महाजन CHC में डॉक्टरों की कमी और अनियमित उपस्थिति को लेकर करीब छह महीने पहले भी धरना-प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद अस्पताल में दो डॉक्टरों की नियुक्ति की गई, लेकिन आरोप है कि नियुक्ति के बावजूद दोनों डॉक्टर नियमित रूप से अस्पताल नहीं आते। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और देर रात तक कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
CMHO पहुंचे मौके पर, डॉक्टरों को हटाने की बात कही
घटना की सूचना मिलने पर CMHO डॉ. पुखराज साध मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं ग्रामीणों से समझाइश की। CMHO ने बताया कि अस्पताल में संविदा पर डॉक्टर नियुक्त हैं, लेकिन घटना के समय वे सुबह मौजूद नहीं थे। ऐसे डॉक्टरों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है तथा उनके स्थान पर अन्य डॉक्टर लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल प्रसूता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button