बिनानी कन्या महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

THE BIKANER NEWS:बीकानेर। विकसित भारत नशा मुक्त अभियान के संकल्प के तहत बिनानी कन्या महाविद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक रोग एवं नशा मुक्ति विभाग, दम्माणी अस्पताल पीबीएम के सहायक आचार्य डॉ. विजय शंकर बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. बोहरा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए युवाओं में बढ़ती नशाखोरी के कारणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दोस्तों का दबाव, स्वयं की असफलताएं, परिवार से दूरी और मानसिक तनाव जैसे कारण युवाओं को नशे की ओर धकेल सकते हैं। शुरुआत में शौक के रूप में लिया गया नशा धीरे-धीरे आदत और फिर गंभीर समस्या बन सकता है।
उन्होंने बताया कि नशे के सेवन से मस्तिष्क में खुशी और आनंद से जुड़े रसायनों का प्रभाव पड़ता है, जिसके कारण व्यक्ति बार-बार नशे की ओर आकर्षित होता है। समय रहते काउंसलिंग और उचित उपचार से नशे की आदत को छुड़ाने में मदद मिल सकती है। लंबे समय तक नशे के सेवन से व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है, लेकिन उचित उपचार और सहयोग से इससे बाहर निकलना संभव है।
डॉ. बोहरा ने कहा कि नशा एक बीमारी है और इसका उपचार संभव है। उन्होंने छात्राओं को मेडिटेशन, सकारात्मक वातावरण, आत्मविश्वास तथा विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की क्षमता विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि नशा केवल नशीले पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी आदतें भी नशे का रूप ले सकती हैं जो मानसिक एवं शारीरिक क्षमताओं को प्रभावित करती हैं।
जागरूकता रैली निकाली
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. बोहरा के निर्देशन में छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति संदेशों वाले पोस्टरों के साथ जागरूकता रैली निकालकर की गई। रैली महाविद्यालय परिसर से गोकुल सर्किल चौराहे तक पहुंची तथा गणेश मंदिर होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में आई।
-इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. राम कुमार व्यास ने अपनी स्वरचित कविता ‘नशा छोड़ें, देश को जोड़ें’ का वाचन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ सराहा।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अरुणा आचार्य ने स्वागत उद्बोधन में डॉ. विजय शंकर बोहरा का स्वागत करते हुए कहा कि खुशहाल एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए नशे से दूरी आवश्यक है। नशे की प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर सकती है।
कार्यक्रम में रासेयो प्रभारी डॉ. सीमा बिस्सा, डॉ. ऋचा जोशी, कंप्यूटर विभागाध्यक्ष मुकेश बोहरा सहित महाविद्यालय के व्याख्याता, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी व्याख्याता गजानंद व्यास ने किया।





































