रोटरी रॉयल्स के दो दिन खास: ‘प्रतिष्ठा’ में पब्लिक इमेज पर मंथन, रात को पाटे पर सजेगी काव्य महफिल,आज मेगा ऑक्शन रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग का

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के तीन बड़े आयोजनों का सिलसिला 26 सितंबर से शुरू हो गया है। पहले दिन होटल मिलेनियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग के खिलाड़ियों का मेगा ऑक्शन आयोजित किया गया। वहीं 27 सितंबर को सुबह से शाम तक रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 का पब्लिक इमेज सेमिनार ‘प्रतिष्ठा-सेवा से पहचान’ आयोजित होगा। इसी दिन रात 7 बजे आचार्यों के चौक के पारंपरिक पाटे पर ‘जन मन काव्य यात्रा’ का पहला काव्य सम्मेलन सजेगा।
इसके बाद हर माह बीकानेर के अलग-अलग मोहल्लों में इस काव्य यात्रा की नई कड़ी आयोजित की जाएगी।
‘प्रतिष्ठा’ में ब्रांडिंग से एआई तक होगी चर्चा
सह प्रांतपाल एवं मीडिया प्रभारी आनंद आचार्य ने बताया कि 27 सितंबर को जयपुर-जोधपुर बाइपास स्थित रिद्धि सिद्धि रिसोर्ट में ‘प्रतिष्ठा’ पब्लिक इमेज सेमिनार आयोजित होगा। इसमें रोटरी के सेवा कार्यों को आमजन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने, क्लबों की सार्वजनिक छवि मजबूत करने और मीडिया के बदलते स्वरूप के इस्तेमाल पर चर्चा होगी।
ब्रांडिंग, मीडिया, सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्यावहारिक जानकारी देंगे।
क्लब अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा के अनुसार सुबह 8:30 बजे नाश्ता एवं पंजीयन के बाद 10 बजे उद्घाटन सत्र शुरू होगा। प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन, सेवा आश्रम के विद्यार्थियों की कृष्ण वंदना, फोर-वे टेस्ट और अतिथियों के स्वागत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
तकनीकी सत्रों के साथ होगी प्रैक्टिकल वर्कशॉप
कॉन्फ्रेंस चेयरमैन डॉ. मनोज कूड़ी ने बताया कि पहले तकनीकी सत्र में पीडीजी पवन खंडेलवाल ‘विजिबिलिटी लीड्स टू सक्सेस’, बीकाजी ग्रुप के सीएमडी दीपक अग्रवाल ‘बिल्डिंग ए ब्रांड’, डॉ. चक्रवर्ती नारायण श्रीमाली ‘द मिरर एंड द मैसेज : शेपिंग रोटरीज पब्लिक इमेज’ विषय पर संबोधित करेंगे। कॉरपोरेट ट्रेनर अभय रंजन एआई और उसके उपयोग पर विशेष सत्र लेंगे।
दूसरे तकनीकी सत्र में ‘हाउ टू बिल्ड ए स्ट्रॉन्ग पब्लिक इमेज’ और ‘एक्सपैंडिंग रीच थ्रू इम्पैक्टफुल विजिबिलिटी’ जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
सेमिनार में 30 मिनट की प्रैक्टिकल वर्कशॉप भी होगी। प्रतिभागियों को चार समूहों में बांटकर ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति, वोकेशनल प्रोजेक्ट की प्रस्तुति, प्रभावी प्रेस रिलीज और सोशल मीडिया पोस्ट तैयार करने का अभ्यास कराया जाएगा।
15 से 21 अक्टूबर तक क्रिकेट लीग
रोटरी रॉयल्स का दूसरा प्रमुख आयोजन रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग होगा। क्रिकेट प्रभारी देवेन्द्र तंवर ने बताया कि आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस लीग में 12 टीमें हिस्सा लेंगी।
लीग के मुकाबले 15 से 21 अक्टूबर तक सार्दुल क्लब क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे। टीमों में आदित्य कैपिटल, जय भैरवनाथ क्रिकेट क्लब, हर्ष दक्ष सुपरस्टार, नाइट आउट, राय स्ट्राइकर्स, सिप वाला नाइट राइडर्स, एनएलजेसीएफ वॉरियर्स, करणी क्रिकेट क्लब, राधे राधे रॉयल्स, होप 11, भव्य रॉयल्स और रोटरी मिडटाउन शामिल हैं।
लीग के मुकाबले 10-10 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल 15-15 ओवर के खेले जाएंगे। विजेता टीम को 1,11,111 रुपए और उपविजेता को 55,555 रुपए की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी विभिन्न पुरस्कार रखे गए हैं।
आचार्यों के चौक में पाटे पर सजेगी काव्य महफिल
27 सितंबर की रात 7 बजे आचार्यों के चौक में ‘जन मन काव्य यात्रा’ का पहला काव्य सम्मेलन आयोजित होगा। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स और पब्लिक रिलेशंस एंड एलाइड सर्विसेज एसोसिएशन ऑफ राजस्थान ‘प्रसार’ के सहयोग से शुरू की जा रही इस श्रृंखला का उद्देश्य बीकानेर की पारंपरिक चौक-पाटा आधारित काव्य संस्कृति को फिर से जीवंत करना है।
पहले आयोजन में पारंपरिक पाटा ही काव्य मंच बनेगा। प्रदेश के अलग-अलग शहरों से आने वाले रोटेरियन भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
क्लब अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा ने बताया कि यह केवल एक आयोजन नहीं बल्कि सितंबर से अगले वर्ष अगस्त तक चलने वाली काव्य यात्रा की पहली कड़ी है। हर माह शहर के अलग-अलग मोहल्ले में काव्य सम्मेलन होगा और प्रत्येक आयोजन संबंधित क्षेत्र के किसी दिवंगत कवि को समर्पित किया जाएगा। स्थापित रचनाकारों के साथ नई प्रतिभाओं को भी मंच दिया जाएगा।
चौक-पाटा की पुरानी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास
कॉन्फ्रेंस चेयरमैन एवं क्लब के चार्टर अध्यक्ष डॉ. मनोज कूड़ी ने कहा कि बीकानेर के चौक और पाटे लंबे समय तक साहित्यिक संवाद के केंद्र रहे हैं। ‘जन मन काव्य यात्रा’ के जरिए इसी परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
हर आयोजन में संबंधित मोहल्ले के किसी मौजीज व्यक्ति को अध्यक्षता दी जाएगी, जिससे स्थानीय सामाजिक और साहित्यिक सहभागिता भी बनी रहे।
तीनों आयोजनों को सफल बनाने के लिए रोटरी रॉयल्स के पदाधिकारी और सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ तैयारियों में जुटे हैं।





































