बीकानेर में जोशी परिवार के विवाह समारोह में उत्तराखंड के गायक ने बांधा समां,तीन दिन तक अपनी गायकी से मेहमानों को किया मंत्रमुग्ध


thebikanernews.com: बीकानेर। शहर के मुरलीधर क्षेत्र निवासी जोशी परिवार में आयोजित विवाह समारोह में उत्तराखंड से पधारे गायक सिद्धार्थ डिमरी ने अपनी शानदार गायकी से लगातार तीन दिनों तक समां बांधे रखा। उनकी सुरीली आवाज और विविध संगीत प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर मेहमानों ने जमकर तालियां बजाईं और खुले दिल से सराहना की।
जानकारी के अनुसार जयशंकर जोशी (धुना भा) की सुपुत्री एवं विख्यात ज्योतिषाचार्य महेश जोशी की भतीजी आयुष्मती सिमरन का विवाह पुरोहित परिवार के आयुष्मान प्रद्युम्न के साथ 21 नवंबर को स्थानीय किराडू बगेची में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। विवाह समारोह में बीकानेर सहित दिल्ली, मुंबई, अयोध्या और देश के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्यजन, विशिष्ट हस्तियां एवं बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए।


समारोह में उत्तराखंड से विशेष रूप से पहुंचे सिद्धार्थ डिमरी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। पेशे से चिकित्सक डिमरी को गायन, अभिनय और लेखन में विशेष रुचि है। उनकी गायन शैली में लोक संगीत, उपशास्त्रीय संगीत और फिल्मी गीतों का सुंदर समावेश देखने को मिलता है। इसके अलावा वे गद्य लेखन और विशेष रूप से समीक्षा लेखन से भी जुड़े हुए हैं। उत्तराखंड के प्रसिद्ध साहित्यसेवी एवं धाद पत्रिका के संपादक लोकेश नवानी के साथ भी वे साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जुड़े हैं।
मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में जन्मे सिद्धार्थ डिमरी की प्रारंभिक शिक्षा उत्तरकाशी में हुई। उन्होंने रुद्रपुर स्थित चंदोला होम्योपैथिक कॉलेज से चिकित्सकीय शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में चिकित्सक होने के साथ-साथ वे गायक, अभिनेता, लेखक और प्रस्तुतकर्ता के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं।
विवाह समारोह के दौरान उनकी संगीत प्रस्तुतियों ने ऐसा खुशनुमा माहौल बनाया कि मेहमान लगातार तीन दिनों तक उनकी गायकी का आनंद लेते रहे। उनकी आवाज में लोक संगीत से लेकर फिल्मी गीतों तक की विविधता ने सभी का मन मोह लिया। उपस्थित मेहमानों ने उनकी गायकी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे मेहमानों की मौजूदगी ने समारोह की रौनक को और बढ़ा दिया। इस तरह जोशी परिवार का यह विवाह समारोह पारिवारिक उल्लास, वैदिक परंपराओं, विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के संगम के रूप में यादगार बन गया।





































