बीकानेर:- कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर पुलिस का सर्च जारी कूकणा के पैतृक आवास पहुंची टीम


thebikanernews.com :बीकानेर। जिला प्रमुख चुनाव को लेकर कांग्रेस में चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम बंबलू-पनपालसर गांव में यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष भंवर कूकणा के पैतृक आवास पर पहुंची। पुलिस टीम में सिविल ड्रेस में अधिकारी भी शामिल थे।


जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य के कथित अपहरण और मारपीट से जुड़े मामले में की जा रही है। इस मामले में भंवर कूकणा, नोखा विधायक सुशीला डूडी और देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। पुलिस इसी प्रकरण में आरोपियों के ठिकानों पर सर्च अभियान चला रही है।
गौरतलब है कि पुलिस ने रविवार को नोखा विधायक सुशीला डूडी और देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के आवास पर भी सर्च किया था। वहीं सोमवार को पुलिस टीम भंवर कूकणा के पैतृक गांव स्थित घर पहुंची।
भंवर कूकणा हाल ही में हुए सरपंच चुनाव में जीत दर्ज कर सरपंच बने हैं। वे यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
भंवर कूकणा ने लगाए भाजपा पर दबाव की राजनीति के आरोप
पुलिस कार्रवाई को लेकर भंवर कूकणा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन भाजपा के बड़े नेताओं के दबाव में काम कर रहा है और कांग्रेस नेताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा कांग्रेस को दिया गया जनादेश भाजपा को पच नहीं रहा है। पुलिस बल का कितना भी इस्तेमाल कर लिया जाए, बीकानेर में कांग्रेस अपना जिला प्रमुख बनाने जा रही है।
जिला प्रमुख चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस नेताओं के आवासों पर हो रही पुलिस कार्रवाई से जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।





































