बड़ी खबर:-बीकानेर के पूर्व विधायक का निधन, शहर में शोक की लहर


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आरके दास गुप्ता के निधन से शहर में शोक की लहर छा गई है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक और विधिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है। दास गुप्ता ने जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी।
सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में कराया भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार, आरके दास गुप्ता को सीने में दर्द की शिकायत होने पर परिजन हल्दीराम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

आरके दास गुप्ता (रामकृष्ण दास गुप्ता) 1977 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में कोलायत (बीकानेर) विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे।
बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे
आरके दास गुप्ता राजनीति के साथ-साथ विधि क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। वे बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई।
रेल बाइपास और हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर रहे मुखर
बीकानेर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आरके दास गुप्ता ने आवाज उठाई। बीकानेर में रेल बाइपास की मांग को लेकर वे लंबे समय तक सक्रिय रहे। शहर की इस मांग के समर्थन में आयोजित रेल रोको आंदोलन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अलावा, बीकानेर में राजस्थान हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करने की मांग को लेकर भी वे लगातार प्रयासरत रहे। इन मुद्दों पर उनकी सक्रियता ने उन्हें शहर के जनहित से जुड़े संघर्षों में एक प्रमुख पहचान दिलाई।
शहर के लिए अपूरणीय क्षति
आरके दास गुप्ता के निधन को बीकानेर के राजनीतिक और विधिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके निधन पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उनके सार्वजनिक जीवन और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका को याद किया जा रहा है।





































