|

बीकानेर: सरकारी अस्पताल के बजाय घर पर ऑपरेशन का आरोप, तबीयत बिगड़ने से मरीज की मौत

THE BIKANER NEWS:- बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में एक सरकारी डॉक्टर पर मरीज का सरकारी अस्पताल के बजाय अपने घर पर ऑपरेशन करने और इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगे हैं। ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत बिगड़ गई और बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी अस्पताल में दिखाने के बाद घर पर ऑपरेशन का आरोप
गारबदेसर गांव निवासी शिवलाल मेघवाल ने पुलिस को दी गई मर्ग रिपोर्ट में बताया कि 15 अगस्त को उनके भाई सुभाष मेघवाल को लूणकरणसर के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था। सुभाष को फोड़ा था।


परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज को देखने के बाद कहा कि इसका ऑपरेशन अस्पताल में नहीं किया जा सकता और वह ऑपरेशन अपने घर पर करेगा। आरोप के मुताबिक, 16 अगस्त को डॉक्टर ने अपने घर पर सुभाष का ऑपरेशन किया।
ऑपरेशन के करीब 20 मिनट बाद अस्पताल भेजा
मर्ग में बताया गया है कि ऑपरेशन के करीब 20 मिनट बाद ही सुभाष को वापस सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों का आरोप है कि हालत खराब होने के बावजूद संबंधित डॉक्टर वापस आकर मरीज को देखने नहीं आया।


पीबीएम अस्पताल में मौत
शाम तक सुभाष की हालत ज्यादा गंभीर हो गई। इसके बाद परिजन उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के मूंधड़ा मेडिसिन विंग लेकर पहुंचे। वहां उसका उपचार शुरू किया गया और ऑक्सीजन भी लगाई गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
2 हजार रुपये लेने का भी आरोप
मृतक के भाई ने मर्ग में डॉक्टर पर 2 हजार रुपये लेने का आरोप भी लगाया है। परिजनों के अनुसार, इनमें 500 रुपये नकद और 1500 रुपये यूपीआई के माध्यम से दिए गए। मर्ग रिपोर्ट में संबंधित यूपीआई नंबर भी दर्ज कराया गया है।


पुलिस कर रही मामले की जांच
शिकायत के बाद लूणकरणसर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मरीज की मौत के कारण, ऑपरेशन की परिस्थितियों और डॉक्टर पर लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले की जांच लूणकरणसर थाने के सब इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
नोट: डॉक्टर पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button