बीकानेर:-रिटायर्ड बैंक अधिकारी की मौत के मामले में टीपर चालक को नयाशहर पुलिस ने किया गिरफ्तार,अब सफाई ठेके की जांच की मांग, ACB महानिदेशक को भेजी शिकायत


thebikanernews.com:-बीकानेर। नगर निगम के कचरा संग्रहण टीपर की टक्कर से रिटायर्ड बैंक अधिकारी केशवदत्त आचार्य की मौत के मामले में नयाशहर पुलिस ने टीपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस हादसे के बाद नगर निगम के सफाई एवं कचरा परिवहन ठेके की प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं। ठेके में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए बीकानेर के सोलर कंपनी संचालक शरद दत्त आचार्य ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के महानिदेशक को शिकायत भेजकर स्वतंत्र जांच की मांग की है।


CCTV फुटेज से हुई चालक की पहचान
नयाशहर थाना प्रभारी सरजीत सिंह के अनुसार, हादसे के बाद टीपर चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की पहचान की। इसके बाद संबंधित कंपनी से पूछताछ कर पहचान की पुष्टि की गई और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार युवक का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। मामले में विस्तृत जानकारी जल्द जारी करने की बात कही गई है।
ठेका आवंटन से लेकर भुगतान तक जांच की मांग
शरद दत्त आचार्य ने ACB को भेजी शिकायत में नगर निगम के सफाई और कचरा परिवहन ठेके की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने का आग्रह किया है। शिकायत में टेंडर की अनुमानित लागत, वास्तविक अनुबंध राशि, तकनीकी एवं वित्तीय पात्रता की शर्तों और L1 चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता की पड़ताल करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने ठेकेदार कंपनी के संचालकों और नगर निगम अधिकारियों के बीच संभावित मिलीभगत, हितों के टकराव और अनुचित वित्तीय लेन-देन की आशंका की भी जांच करने को कहा है।
GPS रिकॉर्ड और वास्तविक काम का हो भुगतान से मिलान
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि ठेकेदार कंपनी को किए गए भुगतान का मिलान वास्तविक कचरा संग्रहण, वाहनों के संचालन, GPS रिकॉर्ड, कर्मचारियों की उपलब्धता और निरीक्षण रिपोर्ट से कराया जाए। इसके साथ ही नगर निगम आयुक्त सहित टेंडर प्रक्रिया, अनुबंध मंजूरी, निगरानी और भुगतान से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच करने का आग्रह किया गया है।
शिकायतकर्ता ने टेंडर से संबंधित मूल दस्तावेज, फाइल नोटिंग, ई-टेंडर रिकॉर्ड, ई-मेल, भुगतान विवरण और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की है।
31 अक्टूबर को हुआ था हादसा, 9 नवंबर को हुई मौत
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर 2026 को नगर निगम के कचरा संग्रहण टीपर की टक्कर से रिटायर्ड बैंक अधिकारी केशवदत्त आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान 9 नवंबर को उनका निधन हो गया था।
शिकायत में ठेकेदार कंपनी के वाहन संचालन, चालक की नियुक्ति, प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और अनुबंध के तहत निर्धारित जिम्मेदारियों की जांच कराने की मांग की गई है।
आपराधिक मामले से अलग प्रशासनिक जांच की मांग
शरद दत्त आचार्य ने शिकायत में स्पष्ट किया है कि दुर्घटना से जुड़ा आपराधिक मामला पुलिस के स्तर पर विचाराधीन है, जबकि ACB से ठेका प्रक्रिया और प्रशासनिक जवाबदेही के पहलुओं की स्वतंत्र जांच का आग्रह किया गया है।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि जांच में यदि भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग, सरकारी धन को नुकसान पहुंचाने या ठेकेदार को अनुचित लाभ देने के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर स्वतंत्र वित्तीय एवं तकनीकी ऑडिट कराने की मांग भी की गई है।
अब इस मामले में पुलिस की आपराधिक जांच के साथ-साथ ACB की संभावित जांच पर भी नजर रहेगी।





































