बीकानेर में धरणीधर महादेव मंदिर के बाहर से बाइक चोरी, CCTV में युवक ले जाता दिखा; पुलिस तलाश में जुटी






THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में धरणीधर महादेव मंदिर के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता प्रदीप (21), पुत्र भीम सिंह, निवासी घड़सीसर रोड, सूर्य नगर ने गंगाशहर थाने में मोटरसाइकिल चोरी होने की लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे प्रदीप ने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (RJ07 PS 8953) धरणीधर महादेव मंदिर के बाहर खड़ी की थी। करीब 15-20 मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला।
वाहन के बीमा दस्तावेजों के अनुसार बाइक हीरो मोटोकॉर्प स्प्लेंडर प्लस (2023 मॉडल) है। वाहन भीम सिंह राजपूत के नाम पर पंजीकृत बताया गया है।
CCTV में युवक बाइक ले जाता दिखाई दिया
शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना से जुड़े CCTV फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद पुलिस ने युवक की पहचान कर उसके घर पर भी कई बार दबिश दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि पुलिस पिछले कई दिनों से युवक की तलाश में जुटी है।
गंगाशहर थाना पुलिस की ओर से बीकानेर जिले के सभी थानाधिकारियों को ई-मेल के जरिए घटना की सूचना भी भेजी गई है, ताकि चोरी गई मोटरसाइकिल के संबंध में अन्य थाना क्षेत्रों में भी तलाश की जा सके।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरी गई बाइक और संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है।





































