जोशी परिवार की शादी में उत्तराखंड के गायक ने बांधा समां, तीन दिन तक गायकी से मेहमानों को किया मंत्रमुग्ध


thebikanernews.com:- बीकानेर। शहर के मुरलीधर क्षेत्र निवासी जोशी परिवार में आयोजित विवाह समारोह में उत्तराखंड से पधारे गायक सिद्धार्थ डिमरी ने अपनी शानदार गायकी से तीन दिनों तक समां बांधे रखा। उनकी सुरीली आवाज और गायन की प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद मेहमानों का मन मोह लिया। उनकी गायकी पर मेहमानों ने जमकर तालियां बजाईं और खुले दिल से सराहना की।
जानकारी के अनुसार जयशंकर जोशी (धुना भा) की सुपुत्री एवं विख्यात ज्योतिषाचार्य महेश जोशी की भतीजी आयुष्मती सिमरन का विवाह पुरोहित परिवार के आयुष्मान प्रद्युम्न के साथ 21 नवंबर को स्थानीय किराडू बगेची में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस विवाह समारोह में बीकानेर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से कई विशिष्ट हस्तियां और बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए।


समारोह में उत्तराखंड से विशेष रूप से पहुंचे सिद्धार्थ डिमरी आकर्षण का केंद्र रहे। पेशे से चिकित्सक डिमरी को गायन, अभिनय और लेखन में भी विशेष रुचि है। उनकी गायन शैलियों में लोक संगीत, उपशास्त्रीय संगीत और फिल्मी गीत शामिल हैं। इसके साथ ही वे गद्य लेखन और विशेष रूप से समीक्षा लेखन से भी जुड़े हुए हैं। वे उत्तराखंड के प्रसिद्ध साहित्यसेवी एवं धाद पत्रिका के संपादक लोकेश नवानी के साथ भी सक्रिय रूप से साहित्यिक गतिविधियों में जुड़े हैं।
मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में जन्मे सिद्धार्थ डिमरी की प्रारंभिक शिक्षा उत्तरकाशी में हुई। उन्होंने रुद्रपुर स्थित चंदोला होम्योपैथिक कॉलेज से चिकित्सकीय शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वे चिकित्सक होने के साथ-साथ गायक, अभिनेता, लेखक और प्रस्तुतकर्ता के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं।
विवाह समारोह के दौरान उनकी प्रस्तुतियों ने संगीत का ऐसा माहौल बनाया कि मेहमान खुद को तालियां बजाने से नहीं रोक सके। लगातार तीन दिनों तक उन्होंने अपनी आवाज से समारोह में रंग जमाया। उपस्थित मेहमानों ने उनकी गायकी की खूब प्रशंसा की।
कई गणमान्य हस्तियों ने की शिरकत
इस विवाह समारोह में ज्योतिषाचार्य ममु महाराज व्यास, बीकानेर के महापौर अनिल कल्ला, राष्ट्रीय संत सरजूदास जी महाराज, मुकेश की कॉमेडी टीम के सदस्य, व्यवसायी महेंद्र कल्ला एवं कमल कल्ला सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे मेहमानों की मौजूदगी ने समारोह की रौनक बढ़ाई।
इस तरह जोशी परिवार का यह विवाह समारोह पारिवारिक उल्लास, वैदिक परंपराओं, विशिष्ट मेहमानों की मौजूदगी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के संगम के रूप में यादगार बन गया।





































