गैंगस्टर रोहित गोदारा के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा,सहयोगी शिवराज सिंह गिरफ्तार


बीकानेर। शहर में संगठित अपराध के खिलाफ कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोहित गोदारा के सहयोगी शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया है। डीएसटी बीकानेर और मंडावा पुलिस के सहयोग से गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी पर संगठित गिरोह के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।


पुलिस के अनुसार पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व तथा वृत्ताधिकारी वृत्त नगर अनुज डाल के सुपरविजन में कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी की टीम ने कार्रवाई की।पुलिस ने बताया कि आरोपी शिवराज सिंह पुत्र सहदेव सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी तोलियासर थाना मंडावा जिला झुंझुनूं, वर्तमान में बीकानेर के तिलक नगर क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। उसे 14 अक्टूबर 2025 को दर्ज प्रकरण संख्या 278 में वांछित होने पर गिरफ्तार किया गया है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी गैंग बनाकर संगठित अपराध करने का आदी है। उसके खिलाफ बीकानेर सहित राजस्थान के अन्य जिलों में कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों में गैंग बनाकर रंगदारी वसूली, फायरिंग कर डराने और धमकाने जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों के आरोप शामिल हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई को संगठित अपराध के नेटवर्क पर पुलिस की एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।





































