|

विधायक सेवा केंद्र के चक्कर पूरे, सड़क के अच्छे दिन अधूरे

बीकानेर। शहर में विकास के दावों और धरातल की हकीकत के बीच कितना अंतर है, इसकी एक तस्वीर मुरलीधर व्यास कॉलोनी में एसी महादेव मंदिर के पास देखी जा सकती है। यहां सड़क की बदहाली लंबे समय से स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क निर्माण की मांग कई बार उठ चुकी है, जिम्मेदारों तक शिकायत भी पहुंच चुकी है और आश्वासन भी मिल चुके हैं, लेकिन सड़क की सूरत बदलने का इंतजार आज भी खत्म नहीं हुआ है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते रोजाना यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है, वहीं पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता आसान नहीं है। क्षेत्र के लोगों के लिए यह समस्या आज की नहीं, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है। कई बार उम्मीद जगी कि अब सड़क का निर्माण हो जाएगा, लेकिन हर बार उम्मीद के साथ इंतजार भी बढ़ता गया।

विधायक सेवा केंद्र तक पहुंची आवाज, फिर भी नहीं हुआ समाधान स्थानीय निवासी विपिन पुरोहित, नवरतन और कपिल ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर वे कई बार विधायक सेवा केंद्र जाकर अपनी बात रख चुके हैं। क्षेत्र की समस्या से विधायक सेवा केंद्र को अवगत करवाया गया और सड़क निर्माण करवाने की मांग की गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि इस सड़क का निर्माण अटका हुआ है। जब बार-बार समस्या बताई जा रही है, तो फिर समाधान की दिशा में ठोस कदम क्यों नहीं उठाया जा रहा?लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कोई ऐसी मांग नहीं है, जिसे पूरा करना असंभव हो। यह क्षेत्र के निवासियों की रोजमर्रा की जरूरत है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद थी कि शिकायत के बाद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस समस्या को गंभीरता से लेंगे, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।विधायक से आग्रह-एक बार मौके पर आकर देखें सड़क की हकीकतस्थानीय निवासियों ने विधायक से आग्रह किया है कि वे एक बार एसी महादेव मंदिर के पास पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। लोगों का कहना है कि विधायक को केवल शिकायतों और कागजी जानकारियों के आधार पर नहीं, बल्कि मौके पर आकर देखना चाहिए कि क्षेत्र के निवासी किस तरह की परेशानी झेल रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि विधायक के मौके पर पहुंचने से वर्षों से लंबित इस समस्या के समाधान का रास्ता खुलेगा और सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई होगी।आश्वासनों से नहीं बनती सड़क!शहर में विकास की बातें और घोषणाएं अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन जब किसी मोहल्ले की सड़क वर्षों तक नहीं बनती तो इन दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। आखिर शिकायत करने के लिए लोगों को कितनी बार विधायक सेवा केंद्र के चक्कर लगाने पड़ेंगे? क्या किसी सड़क का निर्माण करवाने के लिए स्थानीय निवासियों को बार-बार अपनी परेशानी बतानी जरूरी है?

विडंबना देखिए कि लोग सड़क बनवाने की मांग लेकर विधायक सेवा केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन सड़क आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। आश्वासनों का सिलसिला जारी है और सड़क निर्माण का इंतजार भी।अब स्थानीय निवासियों को सिर्फ एक जवाब चाहिए-एसी महादेव मंदिर के पास की इस सड़क का निर्माण आखिर कब होगा?क्योंकि जनता को आश्वासन नहीं, राहत चाहिए। विकास के दावे तभी सार्थक होंगे, जब उनका असर मोहल्लों की सड़कों पर भी दिखाई देगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button