|

पूगल में विकास कार्यों की जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता को ‘आदतन शिकायतकर्ता’ बताने पर जताई आपत्ति,VDO की टिप्पणी पर उठाए सवाल, BDO से दोबारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/पूगल। पंचायत समिति पूगल की ग्राम पंचायत आडूरी में विकास कार्यों को लेकर दर्ज शिकायतों और प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद नया विवाद सामने आया है। राजस्थान संपर्क पोर्टल 181 पर ग्रामीण शिवलाल चौहान की ओर से दर्ज शिकायतों को प्रशासन ने जांच के बाद निराधार और तथ्यहीन बताते हुए बंद करने की सिफारिश की है। वहीं, शिकायतकर्ता ने जांच प्रक्रिया और ग्राम विकास अधिकारी (VDO) की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए दोबारा निष्पक्ष जांच की मांग की है।


जांच रिपोर्ट में क्या कहा प्रशासन ने?
प्रशासन की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट में पक्की ग्रेवल सड़क, वृक्षारोपण, सार्वजनिक पार्क और बस स्टैंड निर्माण से जुड़ी शिकायतों पर अपना पक्ष रखा गया है।
ग्रेवल सड़क निर्माण: शिकायत में सड़क निर्माण नहीं होने और फर्जी भुगतान का आरोप लगाया गया था। जांच रिपोर्ट के अनुसार चक 4 एडी में स्वीकृत ग्रेवल सड़क का निर्माण मौके पर पूरा पाया गया तथा तकनीकी मूल्यांकन और भौतिक सत्यापन के बाद नियमानुसार भुगतान किया गया।


वृक्षारोपण कार्य: पौधरोपण के नाम पर छह लाख पौधों के बजट में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरे कार्यकाल में अधिकतम करीब 10 हजार पौधों की स्वीकृति थी। रिपोर्ट के अनुसार पौधे लगाए गए और भुगतान वास्तविक श्रम एवं सामग्री के आधार पर किया गया।
पार्क और बस स्टैंड: सार्वजनिक पार्क को लेकर प्रशासन का कहना है कि इसे वर्ष 2021-22 में विकसित किया गया था। मरुस्थलीय वातावरण और पानी की कमी के कारण घास सूख गई, जबकि कई पौधे अब पेड़ बन चुके हैं। वहीं, चक 4 एडी में बस स्टैंड का कार्य हाल ही में स्वीकृत होने की जानकारी दी गई है।
जांच रिपोर्ट में सभी कार्यों को तकनीकी स्वीकृति के अनुरूप बताते हुए शिकायतों को तथ्यहीन माना गया। साथ ही शिकायतकर्ता को ‘आदतन शिकायतकर्ता’ बताते हुए शिकायतों के पीछे चुनावी और आपसी रंजिश का उल्लेख किया गया। इसके आधार पर पोर्टल पर शिकायतों को निस्तारित कर दिया गया।


‘आदतन शिकायतकर्ता’ टिप्पणी पर शिवलाल चौहान ने जताई आपत्ति
जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के लिए इस्तेमाल किए गए ‘आदतन शिकायतकर्ता’ शब्द पर शिवलाल चौहान ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं में खर्च होने वाली राशि और विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
शिवलाल चौहान ने खंड विकास अधिकारी (BDO) विनेश कुमार से मांग की है कि VDO की टिप्पणी की समीक्षा की जाए तथा शिकायतों की दोबारा निष्पक्ष जांच करवाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष से विवाद करना नहीं, बल्कि सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के तथ्यों की जांच होनी चाहिए, न कि शिकायतकर्ता की मंशा पर टिप्पणी करके मामले को समाप्त किया जाना चाहिए।
अब उच्च अधिकारियों के रुख पर नजर
ग्राम पंचायत आडूरी के विकास कार्यों को लेकर प्रशासन की जांच रिपोर्ट और शिकायतकर्ता की आपत्ति के बाद मामला चर्चा में है। एक ओर प्रशासन ने अपनी जांच में शिकायतों को निराधार मानते हुए पोर्टल पर निस्तारित कर दिया है, वहीं दूसरी ओर शिकायतकर्ता ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
अब देखना होगा कि BDO और उच्चाधिकारी शिकायतकर्ता की मांग पर क्या कदम उठाते हैं और क्या इस मामले में दोबारा जांच की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button