बीकानेर में साइबर ठगी का बड़ा मामला: मोबाइल घर में पड़ा था, फिर भी 10 मिनट में खाते से पार हो गए ₹3.60 लाख


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जेएनवीसी थाना क्षेत्र की जेएनवीसी कॉलोनी का है, जहां एक महिला के बैंक खाते से महज 10 से 15 मिनट के भीतर 3 लाख 60 हजार 437 रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान महिला का मोबाइल फोन घर पर ही पड़ा हुआ था।


जानकारी के अनुसार, 4-ई जेएनवीसी कॉलोनी निवासी गुंजन भाटिया के बैंक खाते से 15 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन किए गए। इन ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 3,60,437 रुपये की अवैध निकासी हो गई।
मोबाइल फोन घर में होने के बावजूद खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की घटना ने साइबर सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ठगों ने किस तरीके से बैंक खाते तक पहुंच बनाई और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई, यह जांच का विषय है।
मामले में जेएनवीसी थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस ट्रांजैक्शन की जानकारी जुटाने के साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी किस माध्यम से की गई।
साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी जरूरी
अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
किसी को भी अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी न दें।
अनजान ऐप डाउनलोड न करें और किसी को मोबाइल का रिमोट एक्सेस न दें।
खाते से संदिग्ध ट्रांजैक्शन होने पर तुरंत बैंक से संपर्क करें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।
सवाल यह है कि जब मोबाइल घर में मौजूद था, तब साइबर ठगों ने इतनी बड़ी रकम खाते से कैसे निकाल ली? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।




































