नवनिर्वाचित महापौर अनिल कल्ला हुए तल्ख,सवाल जनहित का,जवाब में दिखा जोश!अब देखना है विकास के नाम पर बजेगी जनता की ताली:-देखे वीडियो

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर। नवनिर्वाचित महापौर अनिल कल्ला के पदभार संभालने के बाद शहर में रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान की शुरुआत हुई। मौहता चौक में अभियान के शुभारंभ के दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने शहर की सियासी चर्चाओं को गर्म कर दिया।
मौके पर द बीकानेर न्यूज़ के पत्रकार ने महापौर से शहर की सफाई और विकास से जुड़ा सीधा सवाल पूछा। सवाल यह था कि विधायक व्यास ने भी अपने कार्यकाल की शुरुआत इसी तरह जोरदार अंदाज में की थी और उस समय काफी सुर्खियां बनी थीं, लेकिन उनके द्वारा शुरू किए गए कुछ काम आज भी पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाए हैं और जनता समस्याओं से जूझ रही है।
सवाल का संदर्भ पुष्करणा स्कूल के पास बिरजू भा द्वारा के निकट बने नाले की समस्या से जुड़ा था। सवाल पूरी तरह शहर की समस्या और आमजन से जुड़े मुद्दे को लेकर था, लेकिन जवाब देते समय महापौर अनिल कल्ला का अंदाज तल्ख नजर आया। उन्होंने सवाल का जवाब पूरे जोश के साथ दिया।
मौके पर मौजूद उनके समर्थकों ने भी महापौर के जवाब पर उत्साह जताते हुए जमकर तालियां बजाईं। इसके बाद यह पूरा घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया।
सवाल पूछना पत्रकार का धर्म, जवाबदेही जनप्रतिनिधि का कर्तव्य
लोकतंत्र में पत्रकार का काम ही है कि वह जनता से जुड़े सवाल जनप्रतिनिधियों के सामने रखे। वहीं चुने हुए जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है कि वह जनता से जुड़े सवालों और समस्याओं का जवाब दे तथा उनके समाधान की दिशा में काम करे।
महापौर के जवाब में जिस तरह का जोश नजर आया, वह निश्चित तौर पर चर्चा का विषय है। लेकिन अब असली परीक्षा आने वाले दिनों में होगी—क्या यही जोश शहर की सफाई, नालों, सड़कों और दूसरी मूलभूत समस्याओं के समाधान में भी दिखाई देगा?
पांच साल बाद किसके लिए बजेगी ताली?
अनिल कल्ला के पास अब पांच साल का कार्यकाल है। शुरुआत में रात्रिकालीन सफाई अभियान जैसे कदमों से शहरवासियों को उम्मीद जगी है कि नगर निगम की व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।
अब सवाल सिर्फ इतना है कि आज तालियां समर्थक बजा रहे हैं, लेकिन पांच साल बाद जब कार्यकाल समाप्त होगा तो क्या आम जनता भी उनके कामों से संतुष्ट होकर तालियां बजाएगी?
आखिर किसी भी जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी उपलब्धि सिर्फ शुरुआती सुर्खियां या मंच पर मिलने वाली तालियां नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाला काम और जनता का विश्वास होता है।
हमारी उम्मीद यही है कि जिस ऊर्जा और जोश के साथ महापौर ने सवाल का जवाब दिया, वही ऊर्जा पूरे पांच साल शहर के विकास में दिखाई दे।
मनोज व्यास .. देखे वो वीडियो 👇👇




































