Bikaner:-रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से मिला 14.525 किलो डोडा पोस्ट ,एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज जांच शुरू

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर। बीकानेर के लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.525 किलोग्राम मादक पदार्थ (डोडा पोस्ट) बरामद किया है। यह मादक पदार्थ स्टेशन परिसर में एक लावारिस ट्रॉली बैग से मिला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गश्त के दौरान मिला संदिग्ध बैग
जीआरपी उत्तर जोधपुर के पुलिस अधीक्षक केवलराम और जीआरपी वृत बीकानेर के पुलिस उप अधीक्षक (आरपीएस) हरिराम सोनी के निर्देशानुसार रेलवे क्षेत्र में नशा तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित अपनी टीम के साथ लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थीं।
गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 पर एक बेंच के पास आसमानी रंग का ट्रॉली बैग लावारिस हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने बैग को संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाशी ली, जिसमें एक सफेद प्लास्टिक का कट्टा मिला। कट्टे के अंदर 14.525 किलोग्राम डोडा पोस्ट बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
तस्करों के फरार होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि तस्करों ने यह बैग किसी अन्य व्यक्ति को सप्लाई करने के लिए स्टेशन पर छोड़ा होगा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण डिलीवरी लेने वाला मौके पर नहीं पहुंच सका। यह भी संभावना जताई जा रही है कि पुलिस की गश्त देखकर तस्कर बैग छोड़कर फरार हो गया हो, या फिर किसी कारणवश बैग वहीं छोड़कर चला गया हो।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी नेहा राजपुरोहित, हेड कांस्टेबल रामनारायण, कांस्टेबल राजाराम, अनिल कुमार और सियाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





































