झगड़े से तंग पत्नी बनी कातिल, बाथरूम के फर्श के नीचे छिपा दिया राज


आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने शराबी पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद मिस्त्री बुलाकर ऊपर से नया फर्श भी बनवा दिया ताकि किसी को शक न हो।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुरेंद्र (44) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र शराब पीकर आए दिन पत्नी रूबी से झगड़ा करता था। इससे परेशान होकर रूबी ने कथित रूप से खीर में 20 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर उसे खिलाया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर से फर्श बनवा दिया।करीब डेढ़ माह बाद मामला तब खुला जब पुलिस एक पुराने मामले में सत्यापन के लिए सुरेंद्र के घर पहुंची। पुलिस को देखकर रूबी घबरा गई। बाद में उसने अपने जेठ अनिल को पूरी घटना बता दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श खुदवाया, जहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने रूबी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में मृतक के बड़े भाई अनिल ने बताया कि सुरेंद्र कोई काम नहीं करता था और रोज शराब पीकर घर में विवाद करता था। 18 मई को रूबी ने फोन कर कहा था कि पुलिस दबिश दे रही है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने घर ले जाएं। अगले दिन रूबी ने बताया कि सुरेंद्र तीन हजार रुपये लेकर कहीं चला गया है और अपना मोबाइल घर पर छोड़ गया है। उसी समय से परिवार को उसकी बातों पर शक होने लगा था।फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





































