बड़ी खबर: कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कोंग्रेस शहर अध्यक्ष से बदसलूकी,कपड़े फाडे!

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और आपसी विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है। वार्ड 50 में नवरत्न डागा के कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मदन मेघवाल के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान पहले मदन मेघवाल को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया गया। इसके बाद एक युवक ने उन्हें ‘अंकल’ कहकर बात करने के बहाने एक तरफ बुलाया, जहां कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई और उनका कुर्ता फाड़ दिया गया।
दीपक अरोड़ा के बेटे पर आरोप
मदन मेघवाल ने आरोप लगाया है कि उनके साथ यह बदसलूकी पार्टी से नाराज चल रहे नेता दीपक अरोड़ा के बेटे द्वारा की गई। हालांकि, घटना को लेकर सामने आए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बी.डी. कल्ला भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
चुनावी माहौल के बीच बढ़ी हलचल
नगर निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस के भीतर सामने आया यह विवाद पार्टी की अंदरूनी खींचतान को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। वार्ड स्तर से लेकर संगठन तक चल रही कथित गुटबाजी अब सार्वजनिक विवाद का रूप लेती नजर आ रही है।





































