पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी-प्रियंका गांधी हिरासत में

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी प्रदर्शन स्थल से हटाया गया।

जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली जिले के डीसीपी ने राहुल गांधी से धरना समाप्त कर स्थान खाली करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने प्रदर्शन जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के निर्देश दिए।हिरासत के दौरान राहुल गांधी पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सड़क पर बैठ गए और बाद में सड़क पर लेट गए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को अलग-अलग पुलिस बसों में ले जाया गया।कांग्रेस ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “पुलिस नेता विपक्ष के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार कर रही है। मोदी सरकार चाहे जितना भी दबाव बनाए, हम देश के करोड़ों छात्रों के न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे।”प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने देशवासियों से प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और उनकी आवाज़ को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।फिलहाल, पुलिस ने प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया है और मामले पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।





































