पश्चिम बंगाल:-करोड़ो रूपये के फर्जीवाड़े मामले में ED की रेड,कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी से मचा हड़कंप


THE BIKANER NEWS:-कोलकाता/पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के बैंक लोन फर्जीवाड़े के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ईडी की टीमों ने फर्जी (शैल) कंपनियां बनाकर बैंकों से लगभग 200 करोड़ रुपये का लोन उठाकर धोखाधड़ी करने के आरोप में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और अन्य संदिग्धों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।


लेकटाउन में सुबह 6 बजे से छापेमारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारियों की एक टीम शुक्रवार सुबह 6 बजे कोलकाता के लेकटाउन स्थित सीए अशोक सारथी के आवास पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फर्जी कंपनियों के नेटवर्क को तैयार करने और बैंक लोन की हेराफेरी में सीए की भूमिका को लेकर अधिकारी दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रहे हैं।
हावड़ा और दुर्गापुर में भी दबिश
ईडी की यह कार्रवाई केवल कोलकाता तक ही सीमित नहीं है। बैंक घोटाले की जांच की आंच राज्य के अन्य हिस्सों तक भी पहुंच चुकी है। केंद्रीय एजेंसी की अलग-अलग टीमें हावड़ा के शिवपुर और औद्योगिक शहर दुर्गापुर में भी संबंधित व्यवसायियों और सहयोगियों के ठिकानों पर समानांतर छापेमारी कर रही हैं।
200 करोड़ का बैंक लोन फर्जीवाड़ा
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला फर्जी कागजातों के आधार पर कई शैल (डमी) कंपनियां बनाने और उनके नाम पर बैंकों से करीब 200 करोड़ रुपये की लोन राशि मंजूर कराकर उसकी हेराफेरी करने से जुड़ा हुआ है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन पैसों को कहां डायवर्ट किया गया और इस बड़े सिंडिकेट में कौन-कौन शामिल है।
दिशानिर्देशों के तहत केंद्रीय सुरक्षा बलों (CRPF) के कड़े पहरे में छापेमारी की प्रक्रिया जारी है, और इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए जाने की संभावना है।




































