बीकानेर- 40 लाख की चोरी के 9 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, एक भी आरोपी गिरफ्तार नहींCCTV फुटेज सौंपने के बावजूद कार्रवाई का इंतजार


thebikanernews.com
बीकानेर। जस्सूसर गेट के बाहर सारण पेट्रोल पंप के सामने स्थित PR ज्वेलर्स में हुई करीब 40 लाख रुपए की चोरी के मामले में 9 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। FIR दर्ज होने और CCTV फुटेज पुलिस को सौंपे जाने के बाद भी अब तक एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। चोरी का सामान भी बरामद नहीं हो पाया है। इससे पीड़ित व्यापारी परिवार में नाराजगी और चिंता है।
जानकारी के अनुसार बंगला नगर, विश्वकर्मा मंदिर के पास निवासी दुकान मालिक राजेश कुमार सोनी ने गुरुवार रात दुकान बंद की और घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान की छत की पट्टियां और दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा करीब 40 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और गल्ले में रखे 45 हजार रुपए नकद चुरा लिए।
45 मिनट में वारदात को दिया अंजाम
CCTV फुटेज में चेहरे ढंके हुए चोर दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने भोर के समय दुकान में प्रवेश किया और करीब 45 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पहले चोरों ने छत पर जाने वाले दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा मजबूत होने के कारण वे सफल नहीं हुए। इसके बाद पट्टियां और दीवार तोड़कर रास्ता बनाया।
दोनों चोर जब दुकान में नीचे उतरे तो एक बार सायरन बज उठा। इसके बाद वे वापस ऊपर चले गए। कुछ देर बाद सायरन बंद होने पर एक चोर फिर नीचे आया और कीमती सामान समेटकर फरार हो गया। सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद नयाशहर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए चोर
चोर दुकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण ले गए। चोरी हुए सामान में करीब 84 ग्राम वजन की 8 सोने की चेन, 45 ग्राम के 15 टोप्स, 65 ग्राम की 15 अंगूठियां, 57 ग्राम की सोने की पट्टियां, कुंदन और रखड़ी सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।
इसके अलावा करीब 49 ग्राम के सोने के तिनके, बाल्स और बालियां, नग-नगीने, राशि रत्न तथा लगभग 1500 ग्राम चांदी के सिक्के, तस्वीर, पायल, अनंत, कठिया, माडलिया और अन्य आभूषण भी चोरी हुए हैं। चोर गल्ले में रखे 45 हजार रुपए नकद भी ले गए। कुल चोरी का अनुमानित मूल्य करीब 40 लाख रुपए बताया गया है।
छह साल पहले भी हो चुकी है 50 लाख की चोरी
गौरतलब है कि PR ज्वेलर्स में वर्ष 2020 में भी करीब 50 लाख रुपए की चोरी हुई थी। उस वारदात में भी चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे थे। पुलिस ने उस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन पूरा माल बरामद नहीं हो पाया था। अब एक बार फिर उसी दुकान में छत के रास्ते चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
9 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़ित परिवार परेशान
पीड़ित परिवार का कहना है कि FIR दर्ज कराने और CCTV फुटेज उपलब्ध करवाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। परिवार न्याय के लिए लगातार थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे केवल आश्वासन मिल रहे हैं। चोरी के बाद दुकान का कारोबार भी प्रभावित हुआ है।
परिवार की मांग है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और चोरी हुआ पूरा माल बरामद किया जाए।
नव जागृति युवा मंच ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
मामले को लेकर नव जागृति युवा मंच ने नयाशहर थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी का पूरा माल बरामद करने की मांग की है। मंच ने जस्सूसर गेट क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग उठाई है।
मंच का कहना है कि बीकानेर में लगातार चोरी और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं। ज्वेलर्स की दुकानों में सेंधमारी, मोबाइल छीनने, महिलाओं के गले से चेन तोड़ने और वाहन चोरी जैसी वारदातों से आमजन और व्यापारी चिंतित हैं। CCTV कैमरे और पुलिस गश्त के दावों के बावजूद ऐसी घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है।
नव जागृति युवा मंच ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और चोरी का माल बरामद नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने के दौरान गोवर्धन मौसुण के साथ रवि कुकरा, ताराचंद माडण, दौलत, विवेक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







































