|

तेज रफ्तार डंपर ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी शिक्षक की बाइक को मारी टक्कर, दोनों पैर टूटे

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल सवार शिक्षक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक सड़क पर गिर गया और उसके दोनों पैर डंपर के टायर के नीचे आ गए। दुर्घटना में दोनों पैर टूटने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार मुरलीधर व्यास नगर निवासी भंवरलाल बिश्नोई ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र रामनिवास करमीसर स्थित सरकारी स्कूल में अध्यापक है।18 अगस्त की सुबह करीब 7:15 बजे रामनिवास मोटरसाइकिल से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रहे डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद रामनिवास सड़क पर गिर गया और उसके दोनों पैर डंपर के टायर के नीचे आ गए। हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर नयाशहर थाना पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई श्रवण सिंह को सौंपी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और डंपर चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button