शहर के इस थाना क्षेत्र में शव मिलने से फैली सनसनी


बीकानेर। शहर के जेएनवी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह झाड़ियों के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जेएनवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान नापासर निवासी जितू सिंह के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे कोटड़ी रोड स्थित लवकुश वाटिका जोड़बीड़ क्षेत्र में झाड़ियों के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। घटनास्थल के पास एक स्कूटी भी खड़ी मिली।


एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही जेएनवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया शव
खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सेवादार एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की निगरानी में शव को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया।मृतक की पहचान जितू सिंह पुत्र देवी सिंह, निवासी वार्ड नंबर-4, नगरी बास, नापासर के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।





































