बीकानेर: युवक पर जानलेवा हमला, जातिसूचक शब्द कहने और वाहन में तोड़फोड़ का आरोप






THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित आकाश जोइया पुत्र मुकेश जोइया, निवासी इंदिरा कॉलोनी, गणेश चौक ने सदर थानाधिकारी को लिखित शिकायत देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, घटना 20 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की बताई गई है। आकाश का आरोप है कि वह मुस्कान के घर के पास अपना बटन लगा रहा था। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला ने उससे नाम पूछा। पीड़ित के अनुसार, अपना नाम आकाश वाल्मीकि बताने के बाद महिला, उसके बेटे और अन्य लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
कांच की बोतल, पाइप, कुल्हाड़ी और तलवार से हमला करने का आरोप
शिकायत में आकाश ने आरोप लगाया है कि काली, पोमी हाजी, मुनिया, छोटू, नाजिम उर्फ नजला, राजू, शौकत और मांगीलाल सहित 2-3 अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने कांच की बोतल, पाइप, कुल्हाड़ी और तलवार से हमला किया।
पीड़ित के मुताबिक, हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी तथा टांग और कमर में भी चोटें आईं।
स्कूटी छीनकर तोड़ने का भी आरोप
आकाश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसकी स्कूटी (RJ07 VS 6330) भी छीन ली गई और उसमें तोड़फोड़ की गई।
पीड़ित ने सदर थाने में शिकायत देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में पुलिस की ओर से जांच और शिकायत में लगाए गए आरोपों का सत्यापन किया जाना है।
नोट: खबर में बताए गए आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद होगी।




































