|

बीकानेर PBM अस्पताल में प्रसूता की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सरदारशहर (चूरू) निवासी अनुपमा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
परिजनों के अनुसार, अनुपमा को प्रसव से पहले सरदारशहर से PBM अस्पताल रेफर किया गया था। पति आनंद मीणा की पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, महिला को 11 अगस्त को डॉ. कमलेश यादव की यूनिट में भर्ती कराया गया था। डिलीवरी के दौरान महिला को ब्लड प्रेशर बढ़ने और एक्लेम्पसिया की शिकायत थी।


अस्पताल में महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई, लेकिन इसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा ICU में शिफ्ट कर वेंटिलेटर पर रखा गया। बाद में तबीयत अधिक बिगड़ने पर शनिवार को उसे पोस्ट कोविड ICU में भेजा गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। अस्पताल अधीक्षक की ओर से गठित बोर्ड की निगरानी में महिला का इलाज चल रहा था।


परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि 14 अगस्त को प्रसूता की तबीयत बिगड़ने के बावजूद मौके पर कोई सीनियर डॉक्टर नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि बार-बार आग्रह करने के बावजूद उन्हें यह कहकर आश्वस्त किया गया कि सब सामान्य है। परिजनों ने रेजिडेंट डॉक्टरों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए हैं।
भाजपा नेता ने भी उठाए सवाल
मामले को लेकर भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने भी इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रसूता का BP बढ़ा हुआ होने के बावजूद उसे BP की दवा नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस रात महिला की तबीयत बिगड़ी, उस समय भी कोई सीनियर डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचा।
फिलहाल प्रसूता की मौत को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button