बीकानेर: पुरानी रंजिश के चलते चाकूबाजी की घटना में घायल युवक की मौत;क्षेत्र में तनाव और मोर्चरी के बाहर धरना


THE BIKANER NEWS:^बीकानेर: शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मुख्य डाकघर के पास गुरुवार को हुई चाकुओं की इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक अकरम उर्फ सोनू की उपचार के दौरान पीबीएम अस्पताल में मौत हो गई।


घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, मुख्य डाकघर के नजदीक स्थित एक गली में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर पहले कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के कुछ लोग युवक के घर में घुस गए और अकरम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचा सके।
मारपीट और पत्थरबाजी, मौके पर भारी भीड़
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी भी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। इस वारदात के बाद से क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई है और तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष एक ही समाज से ताल्लुक रखते हैं।
परिजनों का धरना और पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरना शुरू कर दिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों तथा आरोपियों की भूमिका को खंगाला जा रहा है।





































