|

नशे के खिलाफ बीकानेर में दौड़े युवा और पुलिस, जूनागढ़ से शुरू हुई ‘BAD Run में एसपी मृदुल कच्छावा सीओ सिटी अनुज डाल सहित पुलिस अधिकारियों जवानों ने लिया हिस्सा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के लिए रविवार तड़के बीकानेर में ‘BAD Run’ का आयोजन किया गया। बीकानेर रन क्लब की ओर से आयोजित इस रन में बड़ी संख्या में शहर के युवाओं के साथ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी भाग लिया। ‘BAD’ का अर्थ Bikaner Against Drugs रखा गया, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


रविवार सुबह करीब 5 बजे जूनागढ़ में प्रतिभागियों का जुटना शुरू हो गया। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी सुबह करीब 5 बजे जूनागढ़ पहुंचे और रन में शामिल हुए। उनके साथ सीओ सिटी अनुज डाल सहित कई पुलिस अधिकारी और जवानों ने भी दौड़ लगाई।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जागरूकता
यह आयोजन नशे के खिलाफ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ से जुड़ा रहा। एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें खेल व फिटनेस जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।


रन के दौरान पुलिस और युवाओं की एक साथ भागीदारी ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास का संदेश दिया। आयोजन में फिटनेस के साथ सामाजिक जागरूकता को भी प्रमुखता दी गई।
जूनागढ़ से शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी रन
बीकानेर रन क्लब के फाउंडर ईशान शर्मा ने बताया कि क्लब की ओर से हर रविवार रन आयोजित की जाती है। इस रविवार की रन को विशेष रूप से नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए समर्पित किया गया था।
रन का रूट जूनागढ़ से कोटगेट, गोगागेट, रानी बाजार पुल, मेडिकल कॉलेज सर्किल, नागणेचीजी मंदिर, बाइपास रोड, शिवबाड़ी मंदिर, चलाना अस्पताल, जयपुर रोड, गंगा म्यूजियम, दीनदयाल सर्किल और गंगानगर सर्किल होते हुए वापस जूनागढ़ तक रहा।


आयोजन में प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता के अनुसार ढाई किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर तक दौड़ लगाई। गोगागेट पर ढाई किलोमीटर का रन पूरा हुआ, जबकि निर्धारित टारगेट पॉइंट तक प्रतिभागियों ने अलग-अलग दूरी पूरी की।
पुलिस और युवाओं की इस साझा पहल ने बीकानेर में नशे के खिलाफ जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button