बीकानेर में सनसनी: युवक की हत्या, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट,पुलिस जुटी जांच में


THE BIKANER NEWS: बीकानेर, 24 मार्च। जिले के नोखा थाना क्षेत्र के रासीसर गांव में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने ट्रक चालक अनिल बिश्नोई की उसके ही घर में हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
नहाने गया था घर, फिर नहीं लौटा
पुलिस जांच के अनुसार, अनिल बिश्नोई सोमवार सुबह अपनी गाड़ी लेकर रासीसर पहुंचा था। उसने ट्रक को गांव के पास एक होटल पर खड़ा किया और नहाने के लिए घर चला गया।
शाम तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो पड़ोसियों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजन जब घर के अंदर पहुंचे, तो मुख्य गेट के पास अनिल का शव पड़ा मिला।
कसी से किया सिर पर हमला
घटना की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून से सनी कसी (फावड़े जैसा औजार) बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने अनिल के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एफएसएल और एमओबी टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
आपसी रंजिश का शक
एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और सीओ नोखा जनरल सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर मामला आपसी रंजिश या करीबी की संलिप्तता का लग रहा है, क्योंकि हमलावर घर की स्थिति से परिचित प्रतीत होते हैं।
पुलिस गांव के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।






































