बीकानेर:-एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 1.41 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: नशीले पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ बीकानेर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत पुलिस ने अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने सदर और रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपये की संपत्तियों को फ्रीज किया है। पुलिस के अनुसार, ये संपत्तियां मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की गई थीं।
सदर क्षेत्र में 1 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
सदर थाना क्षेत्र में मेहरूनिशां पत्नी मुराद अली के भुट्टों का बास और राजीव नगर स्थित भूखंडों को फ्रीज किया गया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार मुराद अली के खिलाफ 17, उसके पुत्र तालीबान के खिलाफ 10 और लादेन के खिलाफ 5 मामले दर्ज हैं।
रणजीतपुरा में भी कार्रवाई
रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में पूनमचंद विश्नोई की कैंपर गाड़ी, स्कूटर और रिहायशी मकान को फ्रीज किया गया है, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
इसी कार्रवाई में उसके सगे भाई प्रेमसुख विश्नोई के निर्माणाधीन मकान और दुकान को भी फ्रीज किया गया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 37 लाख रुपये है।
पुलिस की ओर से नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। साथ ही ऐसे आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई भी की जा रही है।





































