|

तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव” महापौर, जिला कलेक्टर,संभागीय आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया भव्य शुभारंभ, देश-विदेश के 60 शहरों से पहुंचे संग्रहकर्ता

THE BIKANER NEWS:बीकानेर। इतिहास, संस्कृति और विरासत को सहेजने तथा नई पीढ़ी को मुद्रा संग्रहण एवं मुद्राशास्त्र से परिचित करवाने के उद्देश्य से बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का शुक्रवार को गंगाशहर रोड स्थित अग्रसेन अग्रवाल भवन में भव्य शुभारंभ हुआ।
महोत्सव में देश-विदेश के करीब 60 शहरों से पहुंचे मुद्रा संग्रहकर्ताओं एवं विशेषज्ञों ने 100 से अधिक स्टॉल लगाए हैं। इनमें प्राचीन भारतीय मुद्राओं, ब्रिटिशकालीन सिक्कों एवं नोटों, देशी-विदेशी करेंसी और दुर्लभ ऐतिहासिक मुद्राओं का आकर्षक प्रदर्शन किया जा रहा है। खास बात यह है कि बीकानेर के स्थानीय संग्रहकर्ता भी अपने अनमोल निजी संग्रह के साथ इस आयोजन में भागीदारी निभा रहे हैं।


महोत्सव का उद्घाटन महापौर श्री अनिल कल्ला, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती सुमन छाजेड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और दुर्लभ सिक्कों एवं नोटों के संग्रह में विशेष रुचि दिखाई।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि बीकानेर में मुद्राशास्त्र से जुड़ा इतना बड़ा आयोजन होना गौरव की बात है। ऐसे आयोजन इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने आयोजकों को बधाई देते हुए इसे सराहनीय प्रयास बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने विभिन्न शहरों से आए संग्रहकर्ताओं एवं स्टॉलधारकों का स्वागत किया।


बांग्लादेश के संग्रहकर्ता रहे विशेष आकर्षण
महोत्सव का विशेष आकर्षण बांग्लादेश से आए संग्रहकर्ता मोहम्मद कमरूल इस्लाम रहे। उन्होंने भारत एवं हिंदुत्व से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं का प्रदर्शन किया और उनकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रशासनिक अतिथियों को बांग्लादेश के कुछ सिक्के एवं करेंसी नोट स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किए।
आयोजक किशनलाल सोनी ने बताया कि महोत्सव के पहले ही दिन जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और करीब 2500 लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। ब्रिटिशकालीन करेंसी नोटों एवं सिक्कों के संग्रह ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
250 विद्यार्थियों ने जानी मुद्रा संग्रहण की बारीकियां
बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि पहले दिन चार विद्यालयों के करीब 250 विद्यार्थी भी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक सिक्कों एवं नोटों के बारे में जानकारी प्राप्त की और मुद्रा संग्रहण के महत्व को समझा।
आमजन एवं विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शाम को विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी और सिक्कों एवं नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए। लोगों को फर्जी ऑनलाइन ऑफर्स और ठगी के मामलों में सतर्क रहने की अपील की गई।
बीकानेर के वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता जसवंत सिंह पारख ने आयोजन को शहर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बीकानेर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। वहीं पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं के संग्रहकर्ता उमेश मोदी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि देश के इतने बड़े मुद्रा महोत्सव की मेजबानी बीकानेर को मिली है।
आयोजन समिति के सदस्य कन्हैयालाल सोनी ने देशभर से आए अतिथियों एवं संग्रहकर्ताओं के भोजन और आवास की व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला। वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता भारत भूषण गुप्ता ने युवा टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता पर बधाई दी।
डूंगर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. इंद्र सिंह राजपुरोहित ने प्रदर्शनी में पहुंचे विद्यार्थियों को भारतीय सिक्कों एवं नोटों के ऐतिहासिक महत्व तथा उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
तीन दिवसीय बिकाणा मुद्रा महोत्सव के पहले ही दिन उमड़ी भीड़ और संग्रहकर्ताओं के उत्साह ने साबित कर दिया कि बीकानेर में इतिहास, विरासत और मुद्राशास्त्र के प्रति लोगों में गहरी रुचि है। यह महोत्सव न केवल दुर्लभ मुद्राओं को करीब से देखने का अवसर दे रहा है, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button