|

बीकानेर में विदेशी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के नाम पर 16 लाख की साइबर ठगी, दुबई-रूस से जुड़े तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर में विदेशी फॉरेक्स और क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 16 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के तार दुबई और रूस से जुड़े होने की बात सामने आई है। साइबर थाना पुलिस ने बीकानेर, जयपुर और झुंझुनूं के 9 स्थानीय एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी, अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, कालासर गांव निवासी गोपीराम जाट को गेमना पीर स्थित एक कार्यालय में बुलाकर XPO.ru नामक वेबसाइट के माध्यम से फॉरेक्स और सीएफडी क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश का झांसा दिया गया। आरोपियों ने साप्ताहिक 4 से 5 प्रतिशत और मासिक 10 से 15 प्रतिशत तक गारंटीड मुनाफे का दावा करते हुए फर्जी रिटर्न स्टेटमेंट दिखाए। खुद को रूस और दुबई से जुड़ी वैध कंपनी बताकर पीड़ित से करीब 16 लाख रुपये निवेश करा लिए। बाद में जब निवेश की राशि और मुनाफा वापस मांगा गया तो आरोपियों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया।


गिरोह का तरीका
जांच में सामने आया है कि स्थानीय एजेंट सोशल मीडिया, सेमिनार और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए लोगों को निवेश के लिए तैयार करते थे। निवेशकों से एकत्र की गई राशि को कथित रूप से बिना आवश्यक नियामकीय अनुमति के क्रिप्टोकरेंसी (USDT) में बदलकर विदेशों में बैठे मुख्य संचालकों तक पहुंचाया जाता था। शुरुआती जांच के अनुसार, स्थानीय एजेंटों को निवेशकों को जोड़ने के बदले मल्टी-लेवल कमीशन दिया जाता था।


पुलिस कार्रवाई
पीड़ित की रिपोर्ट पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई खेताराम को सौंपी है। एफआईआर में जयपुर निवासी रजत शर्मा, झुंझुनूं निवासी ईश्वर वर्मा, सुरेन्द्र सैनी, विजय मोर्य, सुरेन्द्र बब्बर तथा बीकानेर निवासी अनिल शर्मा, रेणु कच्छावा, रविनाथ कुमावत और राजेश जैन को आरोपी बनाया गया है।


पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
पुलिस के अनुसार, इसी तरह का एक मामला भरतपुर के मथुरागेट थाना क्षेत्र में भी दर्ज हो चुका है, जहां निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये जुटाकर उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेश भेजने के आरोप लगे थे। पुलिस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button