|

​बीकानेर: लूणकरणसर में भीषण बस हादसा, गाय को बचाने के प्रयास में बस पलटी; 8 माह के मासूम की मौत, 16 घायल

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर/लूणकरणसर:बीकानेर जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-62 (NH-62) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। विश्वकर्मा मार्केट के पास अचानक एक गाय के बस के आगे आ जाने से जोधपुर से लुधियाना जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में 8 महीने के एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निजी बस यात्रियों को लेकर जोधपुर से लुधियाना (पंजाब) की ओर जा रही थी। लूणकरणसर में NH-62 पर विश्वकर्मा मार्केट के समीप अचानक एक बेसहारा गाय सड़क पर आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 8 माह के मासूम ‘माधव’ की जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को इत्तला दी। सूचना पर लूणकरणसर थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई और उप-निरीक्षक धर्मवीर सिंह भारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तुरंत लूणकरणसर के उप-जिला अस्पताल पहुंचाया।

उप-जिला अस्पताल में सभी 16 घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, इनमें से 14 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

​लूणकरणसर पुलिस ने मासूम के शव को मोर्चरी में रखवाया है और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वक्त बस की गति और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button