बीकानेर:-साइकिल हटाने को लेकर विवाद,कार से खींचकर लाठियों से किय हमला; सिर फोड़ा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: सदर थाना क्षेत्र के पुरानी गिन्नाणी स्थित धावड़ियों के मोहल्ले में साइकिल हटाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को कार से जबरन बाहर खींचकर लाठियों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। हमलावरों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए।
हॉर्न बजाने पर शुरू हुआ विवाद
घटना 30 सितंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। राधाकिशन तंवर अपनी बेटी हितेशी के साथ कार से आम गली से जा रहे थे। रास्ते में साइकिल खड़ी होने पर उसे हटाने के लिए हॉर्न बजाया गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि सामने स्थित मकान से लक्ष्मीनारायण, किशनलाल, राहुल, रोहित और ध्रुव बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे।
बेटी के सामने लाठियों से पीटा
रिपोर्ट के अनुसार, राधाकिशन की बेटी ने आरोपियों से मिन्नतें कीं, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर राधाकिशन को जबरन कार से बाहर खींच लिया और लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और सिर फूट गया। आरोपियों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए।
चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के सत्यनारायण तंवर, निर्मल तंवर सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर घायल को बचाया।
पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती
हमले में घायल राधाकिशन को खून से लथपथ हालत में पीबीएम ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां उनका उपचार किया गया और सिर पर टांके लगाए गए।
नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई बलराम को सौंपी गई है। पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है।




































