बीकानेर आरही 1.51 करोड़ की डोडा-पोस्त की बड़ी खेप जब्त, आयुर्वेदिक औषधि की आड़ में हो रही थी तस्करी



THE BIKANER NEWS:अजमेर। अजमेर जिला स्पेशल टीम (DST) और गेगल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 10 क्विंटल 9.800 किलोग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 51 लाख 47 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन RJ 01 GB 3394 को जब्त करते हुए उसके चालक अमर सिंह मोगिया (29) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मोड़ी गांव का निवासी बताया गया है।

नींबू-संतरे के छिलकों के नीचे छिपाई थी खेप
पुलिस के अनुसार, डोडा-पोस्त को आयुर्वेदिक औषधि की आड़ में ले जाया जा रहा था। पिकअप की तिरपाल हटाने पर ऊपर नींबू और संतरे के छिलकों से भरे कट्टे मिले। आरोपी ने इन्हें आयुर्वेदिक औषधि के लिए ले जाना बताया।
पुलिस ने जब ऊपर रखे पांच कट्टे हटाकर नीचे के कट्टों की जांच की तो उन पर ‘श्री श्याम औषधि आयुर्वेदिक’ लिखा हुआ मिला। इन कट्टों के अंदर बड़ी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
नीमच से बीकानेर ले जाई जा रही थी खेप
पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थ की यह खेप मध्य प्रदेश के नीमच से बीकानेर ले जाई जा रही थी। डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत को कायड़ चौराहे से पुष्कर की ओर भारी मात्रा में डोडा-पोस्त ले जाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर डीएसटी और गेगल थाना पुलिस ने नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को लेकर भागने का प्रयास किया और उसे विश्राम स्थली की ओर ले जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
गेगल थाना पुलिस ने मामले में NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच पुष्कर थाना प्रभारी अशोक बिस्सु को सौंपी गई है। कार्रवाई में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, नीमच की टीम ने भी सहयोग किया। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और इस खेप से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।





































