|

राजस्थान :-भाजपा के विधायक का निधन,पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और परिवार में शोक की लहर है

THE BIKANER NEWS:-जयपुर। राजस्थान की राजनीति से रविवार सुबह दुखद खबर सामने आई है। बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जसवंत यादव का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार सुबह जयपुर में 8:15 बजे अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। उनके बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन की जानकारी साझा की।


चार दशक से अधिक का रहा राजनीतिक सफर
डॉ. जसवंत यादव राजस्थान की राजनीति में चार दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहे। अपने लंबे राजनीतिक सफर में वे चार बार विधायक चुने गए। इसके अलावा वर्ष 1999 में अलवर से लोकसभा सांसद भी निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2016 से 2018 तक उन्होंने वसुंधरा राजे सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
राजनीति में आने से पहले वे दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति से जुड़े रहे और 1980 के दशक में छात्र संघ के उपाध्यक्ष भी चुने गए थे।
विधानसभा में एक सीट हुई रिक्त
डॉ. जसवंत यादव के निधन के बाद राजस्थान विधानसभा में विधायकों की संख्या घटकर 199 रह गई है। बहरोड़ विधानसभा सीट रिक्त होने के कारण आगामी छह महीनों के भीतर यहां उपचुनाव कराया जाना संभावित है।


सोमवार को पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए अलवर स्थित उनके आवास जसवंत नगर में रखा जाएगा। सोमवार, 9 नवंबर को दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव सिलपटा (खैरथल-तिजारा) में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
डॉ. जसवंत यादव के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में शोक की लहर है। राजस्थान की राजनीति में उनके लंबे राजनीतिक सफर को याद किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button