कैश के बाद सोने की चमक! बीडीओ के घर से करीब एक किलो सोने के बिस्किट बरामद

बीकानेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई में अब एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। 8.14 लाख रुपए की नकदी के साथ पकड़े गए बीडीओ नारायण सुथार के घर पर एसीबी की टीम ने देर रात करीब दो बजे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम को करीब एक किलो वजन के सोने के बिस्किट, जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज और कुछ वाहनों के कागजात मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को एएसपी आशीष कुमार के निर्देशन में सीआई इंद्र कुमार की टीम ने भीनासर चौकी पर चेकिंग के दौरान बीडीओ नारायण सुथार को 8.14 लाख रुपए नकद के साथ पकड़ा था। इसके बाद एसीबी ने उनके आवास सहित अन्य ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की।
तलाशी के दौरान मिले सोने के बिस्किट, जमीन से संबंधित दस्तावेज और वाहनों के कागजात को एसीबी ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बरामद सामान में सोने के बिस्किट की वैधता और उनके स्रोत को लेकर जांच की जा रही है। वहीं, जमीन की रजिस्ट्री और वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
एसीबी अब पूरे मामले में नकदी, सोने और अन्य संपत्तियों के स्रोत के साथ आय से अधिक संपत्ति के पहलू की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल एसीबी की कार्रवाई जारी है और बरामद सोने सहित अन्य संपत्तियों की वैधता को लेकर जांच की जा रही है।





































